बहराइच (उप्र), दो जुलाई (भाषा)। बहराइच जिले में औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक दवा कारोबारी के अवैध गोदाम पर छापेमारी करकोडीनयुक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद की हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जिला औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण ने बृहस्पतिवार को बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार को औषधि विभाग, थाना दरगाह शरीफ और थाना रूपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम ने दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के परसौरा गांव में दवा कारोबारी अजय कुमार यादव के एक अवैध गोदाम पर छापेमारी की।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान गोदाम से पेटियों में भरकर रखी गईं कोडीनयुक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद हुईं।
बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
कृष्ण ने बताया कि अजय कुमार यादव के पास दूसरे पते पर दवा विक्रय का लाइसेंस था, लेकिन जिस गोदाम में कफ सिरप का भंडारण किया गया था, उसके लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले भारत-नेपाल सीमा से सटे रूपईडीहा क्षेत्र में एक आयुर्वेदिक दवा स्टोर पर छापेमारी कर कोडीनयुक्त कफ सिरप की 2,000 से अधिक शीशियां बरामद की गई थीं। उस मामले में स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
भाषा सं जफर वैभव
वैभव