उप्र: मऊ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
उप्र: मऊ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
मऊ, 21 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
इससे पहले घोसी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत के बाद भीड़ ने हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात दोहरीघाट क्षेत्र में पुराने सरयू पुल पर तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार बिहार के दो युवकों को कुचल दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बिहार के बक्सर निवासी मुकेश कुमार मिश्रा (26) और अभिषेक सिंह (27) के रूप में हुई है।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी।
दोहरीघाट थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बुढावर गांव के पास रोडवेज बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई टक्कर में स्कॉर्पियो सवार चंदौली निवासी अनिल कुमार (41) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाराणसी निवासी संतोष कुमार यादव (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित रोडवेज बस सड़क किनारे लगे कई बिजली के खंभों से भी टकरा गई।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया। इससे पहले घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल बाजार में शनिवार शाम सड़क पार कर रही 60 वर्षीय शांति देवी पत्नी नगीना चौहान की किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने शव को राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने शनिवार को बताया था कि करीब डेढ़ घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
उन्होंने बताया कि पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने पहुंची तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।
अधिकारी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


