उप्र : सर्पदंश की घटनाओं में नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत
उप्र : सर्पदंश की घटनाओं में नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत
बलिया (उप्र), 15 सितंबर (भाषा) बलिया जिले में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं में एक नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात गढ़वार थाना क्षेत्र के सरिया गांव में सांप के काटने से रामायण सिंह (69) की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें पहले पारंपरिक इलाज करने वाले एक व्यक्ति के पास ले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि सर्पदंश की दूसरी घटना सोमवार को पकड़ी थाना क्षेत्र के चक्रा गांव में हुई। किरण चौहान (22) कमरे में रखे जार से अचार निकालने गई थीं। इसी दौरान गलती से उनका पैर एक सांप पर पड़ गया और सांप ने उनके पैर की उंगली में काट लिया।
उन्होंने बताया कि घटना का पता चलने पर परिजन किरण को गांव के ही एक डॉक्टर के पास ले गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सर्पदंश की तीसरी घटना सोमवार सुबह खेजुरी थाना क्षेत्र के जिगिरसंड गांव में हुई। रमावती देवी (64) धान के खेत में खरपतवार हटा रही थीं, तभी सांप ने उन्हें काट लिया। बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
भाषा सं. सलीम मनीषा सुरभि
सुरभि

Facebook


