उप्र : संत कबीर नगर में दहेज हत्या के मामले में पति समेत तीन लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र : संत कबीर नगर में दहेज हत्या के मामले में पति समेत तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 07:01 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 07:01 PM IST

संत कबीर नगर, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में एक महिला की कथित दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसके पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि महुली थाना क्षेत्र के परसादीपुर गांव में 27 मई को माया यादव (29) अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थी।

इस घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस के अनुसार माया यादव की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व रमेश यादव से हुई थी और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष द्वारा उसे कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप था।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को उसके पति रमेश यादव, देवर गोरखनाथ यादव और देवरानी कांति देवी ने मिलकर 27 मई को जला कर मार डाला।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत