संत कबीर नगर में दलित युवक की गला रेतकर हत्या, चार के विरूद्ध मुकदमा दर्ज

Ads

संत कबीर नगर में दलित युवक की गला रेतकर हत्या, चार के विरूद्ध मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 06:02 PM IST

संत कबीर नगर (उप्र), 19 जून (भाषा) संत कबीर नगर जिले में बखिरा थानाक्षेत्र के बभनी गांव में एक दलित युवक की कथित रूप से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार रात दलित युवक आनन्द (30) की हत्या कर दी गई तथा इस मामले में मुख्य आरोपी नासिर (18), निरहू, जैगम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

पुलिस के अनुसार, आनन्द बृहस्पतिवार रात सामान खरीदकर घर लौट रहा था, तभी बभनी चौराहे के पास नासिर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर गला रेतकर उसे मार डाला।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप कुमार मीणा ने बताया कि आनन्द और आरोपी नासिर दोस्त थे लेकिन कुछ समय पहले एक शादी समारोह में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसे रंजिश की वजह माना जा रहा है।

हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपियों को मुठभेड़ में मार दिये जाने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। गांव की महिलाएं भी लाठियां लेकर सड़क पर उतर आईं।

जिलाधिकारी (डीएम) आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने ग्रामीणों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोग शांत हुए।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इस बीच प्रशासन ने बभनी बाजार में आरोपियों की अस्थायी नाई की दुकान और चिकन की दुकान पर बुलडोजर चलवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ घंटों के लिए सड़क भी जाम की गई, लेकिन बाद में प्रदर्शनकारी अपने घरों को लौट गए।

आनन्द की शादी सात साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी तथा तीन साल एवं एक साल की दो बेटियां हैं।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार