मऊ (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजेपुर स्थित एक स्कूल के पास में हुआ।
मृतकों की पहचान अछार गांव निवासी मोहन राजभर (27) और स्वागत राजभर (26) के रूप में हुई। दोनों दोस्त थे और पेंटर का काम करते थे। हादसे के समय दोनों दोस्त पड़ोसी गाजीपुर जिले के मटेहू से अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। उसने बताया कि वाहन चालक वहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक आस-पास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर सरायलखंसी थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द
मनीषा धीरज
धीरज