उप्र : मऊ में दलित युवक की गोली मारकर हत्या

Ads

उप्र : मऊ में दलित युवक की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 09:16 PM IST

मऊ (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना पेट्रोल पंप के पास सोमवार को मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रानीपुर थाना क्षेत्र के लखनवाड़ी काझा निवासी अवनीश कुमार (21) के रूप में हुई है।

मऊ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश बहादुर ने बताया कि सोमवार शाम अवनीश अपने गांव के ही दोस्त हंसराज के साथ बुआ के यहां से लौट रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेरकर गोली मार दी।

घटना के समय मौके पर मौजूद रहे बीएससी के छात्र हंसराज ने बताया कि वे रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे, तभी कुछ युवकों ने घेरकर अवनीश को गोली मार दी।

एसपी ने बताया कि अवनीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

एसपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले में मधुबन, रानीपुर और चिरैयाकोट थाने की तीन टीम आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

हंसराज ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका है कि गोलू नामक युवक इस वारदात में संलिप्त है, क्योंकि सरसेना के पास कुछ युवकों ने गोलू को बाजार में देखा था और गोलू मृतक पर उसे पिटवाने का शक करता था।

जिला चिकित्सालय के आकस्मिक विभाग के प्रभारी डॉ. एस.के. नितिन ने बताया कि एक युवक को गोली लगने की अवस्था में लाया गया था, जिसके सिर में गोली लगी थी और उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज