जहां योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग है, न बीमारी : योगी

जहां योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग है, न बीमारी : योगी

जहां योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग है, न बीमारी : योगी
Modified Date: June 21, 2026 / 12:18 pm IST
Published Date: June 21, 2026 12:18 pm IST

झांसी/लखनऊ, 21 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और रोग, बीमारी तथा समय से पहले आने वाले बुढ़ापे से बचाव संभव है।

झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई किले में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति को शिक्षा, श्रम, कृषि, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सफलता दिलाता है।

योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया के लगभग 200 देश योग से जुड़ चुके हैं और इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ लोगों को बेहतर जीवन की दिशा दिखाती है।

मुख्यमंत्री ने आयुष प्रणाली के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क और स्वस्थ आत्मा का आधार है। उन्होंने लोगों से योग के व्यापक प्रचार-प्रसार और नियमित अभ्यास का आह्वान किया।

उन्होंने 21 जून के वैज्ञानिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है और सूर्य से मिलने वाली ऊर्जा मानव जीवन को शक्ति प्रदान करती है।

इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

भाषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में