भदोही में दबंग महिलाओं ने विधवा का घर ढहाया, चार के खिलाफ मामला दर्ज
भदोही में दबंग महिलाओं ने विधवा का घर ढहाया, चार के खिलाफ मामला दर्ज
भदोही (उप्र), 24 मई (भाषा)। भदोही जिले के सुरयावा थाना क्षेत्र के बिहियापुर गांव में सरकार से आवंटित जमीन पर बने एक भूमिहीन विधवा के मकान को दबंग महिलाओं ने ढहा दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का घर 13 मई को आए आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हो गया था। ग्रामीणों की मदद से दोबारा बनाए गए मकान को भी चार महिलाओं ने लाठी-फरसा से तोड़कर मलबे में बदल दिया।
सुरयावा थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिला प्रशासन ने 21 मई 2023 को भूमिहीन शांति देवी और मनीता देवी को आवास के लिए डेढ़-डेढ़ बिस्वा जमीन आवंटित की थी। दोनों महिलाएं पिछले तीन वर्षों से वहां दीवार बनाकर टीनशेड डालकर रह रही थीं।
उन्होंने बताया कि 13 मई की शाम जिले में आए आंधी-तूफान और बारिश में 16 लोगों की मौत हो गई थी। कई पेड़ और मकान गिरे थे। इसी दौरान शांति और मनीता के मकान की टीनशेड उड़ गई और पेड़ गिरने से दीवारें भी ढह गईं।
दर्ज प्राथमिकी के हवाले से एसएचओ ने बताया कि एक सप्ताह तक सड़क पर रहने के बाद ग्रामीणों की 20 हजार रुपये की मदद से 22 मई को दोनों महिलाओं ने फिर से दीवार खड़ी कर टीनशेड डाली। आरोप है कि उसी शाम जब वे घर-गृहस्थी का बचा सामान लेकर लौटीं तो गांव की ही इंदू देवी, नगीना देवी, जय देवी और इंद्रावती देवी लाठी-फरसा लेकर पहुंचीं और टीनशेड तोड़कर दीवारें गिरा दीं।
प्राथमिकी के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी महिलाओं ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि ‘‘अब तुम लोग यहां नहीं रहोगी।’’ साथ ही बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से चली गईं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता शांति देवी की शिकायत पर शनिवार को सुरयावा थाने में चारों महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा धारा 324(4) (जानबूझकर संपत्ति को नष्ट करना), 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी) और 352 (जानबूझकर किसी का अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं के परिवार के पुरुष दबंग और रसूखदार बताए जाते हैं। पुलिस पीड़िताओं के रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कराने के साथ मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


