बागपत में युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
बागपत में युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
बागपत (उप्र), 22 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिनौली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में आग से गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी एवं उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को इसकी जनकारी दी।
थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि बिजवाड़ा गांव का रहने वाला राजीव (30) शनिवार की रात अपने घर में गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिला था। परिजन उसे पहले बिनौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर मेरठ के निजी अस्पताल में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, राजीव के पिता सतबीर कश्यप की शिकायत पर उसकी पत्नी नीशू और गांव के ही निवासी विक्रांत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नीशू और विक्रांत के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका राजीव विरोध करता था।
आरोप है कि शनिवार देर रात नीशू ने विक्रांत को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर कमरे में सो रहे राजीव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बताया गया कि घटना के बाद विक्रांत छत के रास्ते फरार हो गया। यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने राजीव के बच जाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल राजीव ने अपने बयान में पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर आग लगाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को नीशू और विक्रांत को गिरफ्तार कर लिया और दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


