बलिया में लूट की घटना फर्जी निकली, ऐसा करने वाली महिला गिरफ्तार
बलिया में लूट की घटना फर्जी निकली, ऐसा करने वाली महिला गिरफ्तार
बलिया (उप्र) आठ जून (भाषा) बलिया जिले के खेजुरी थानाक्षेत्र में दो दिन पहले हुई लूटपाट और मारपीट की घटना फर्जी निकली है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक जांच में खुलासा हुआ कि शिकायत करने वाली महिला अमीना खातून ने ही पति से मनमुटाव और अलग होने के लिए अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।
पुलिस ने बताया कि इस महिला और उसके एक भाई को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि खड़सरा कस्बे की अमीना खातून ने छह जून को खेजुरी थाने में तहरीर दी थी कि कुछ नकाबपोश लोग घर में घुस आए, मारपीट की और नकदी-जेवरात लूटकर फरार हो गए।
उन्होंने कहा कि इस तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) व 333 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मोबाइल सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से पता चला कि अमीना ने ही अपने भाइयों– शमीम और इरशाद के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
शुक्ला के मुताबिक, अमीना का पति अली अहमद से मनमुटाव चल रहा था और वह उससे अलग होना चाहती थी।
अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि इसी वजह से उसने योजना बनाकर भाइयों को बुलाया और लूटपाट की झूठी कहानी रची।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अमीना ने कबूल किया कि पारिवारिक कलह के कारण उसने भाइयों के साथ मिलकर ऐसा किया।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को अमीना खातून और उसके भाई शमीम को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया गया।
उसने कहा कि इनके पास से लूटी गई नकदी और जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं। तीसरे आरोपी इरशाद की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


