पति से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पुलिस ने सुरक्षित उतारा
पति से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पुलिस ने सुरक्षित उतारा
लखनऊ, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में रविवार को 22 वर्षीय एक महिला पति से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ गई। पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के अनुसार पति से जुड़े विवाद के कारण परेशान होकर महिला टंकी पर चढ़ गई थी और नीचे उतरने से इनकार कर रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक गुरप्रीत कौर और उपनिरीक्षक दीपक कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी लखीमपुर खीरी के एक व्यक्ति से हुई थी, जो बिना बताए लापता हो गया, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने महिला के पति से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया। इस दौरान पुलिस लगातार महिला को समझाने का प्रयास करती रही।
पुलिस के मुताबिक, सहायक पुलिस आयुक्त और गोमतीनगर थाना प्रभारी ने भी महिला से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी किया।
बाद में महिला को अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
चंदन, आनन्द रवि कांत

Facebook


