सहारनपुर में बच्चे का इलाज कराने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मौलवी समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सहारनपुर में बच्चे का इलाज कराने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मौलवी समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सहारनपुर (उप्र) 19 अप्रैल (भाषा) सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने नागल के सीडकी गांव की मस्जिद में मौलवी और एक युवक पर नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह को दी गई शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका एक ही बेटा है, जो काफी बीमार है। 15 अप्रैल को गांव के ही एक युवक ने बेटे को मौलवी से झाड़ फूंक कराने की सलाह दी। उसी दिन युवक उसे और उसके बेटे को बाइक पर बैठाकर सीडकी गांव की एक मस्जिद में ले गया।
आरोप है कि वहां मौलवी ने पानी में ताबीज डालकर उसे पीने को दिया, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई जिसके बाद युवक और मौलवी ने उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने घटना के वीडियो भी बनाए तथा फोटो भी खींचे।
पीड़िता के होश में आने पर दोनों ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को भी घटना के बारे में बताया तो वे वीडियो वायरल कर मां-बेटे को जान से मार देंगे। इसके बाद युवक उसे गांव के बाहर छोड़कर चला गया। घर पहुंचकर पीड़िता ने पति को पूरी घटना बताई।
इसके बाद दंपति ने एसएसपी अभिनंदन सिंह से मिलकर लिखित शिकायत दी। एसएसपी ने थाना प्रभारी विनय शर्मा को मामले की गहन जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


