सड़क हादसे में महिला, छोटे बेटे और बड़ी बहू की मौत, पोता-पोती घायल
सड़क हादसे में महिला, छोटे बेटे और बड़ी बहू की मौत, पोता-पोती घायल
पीलीभीत (उप्र), 28 सितंबर (भाषा) पीलीभीत जिले में सोमवार दोपहर खुटार मार्ग पर डंपर और कार की आमने सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग महिला और उसके छोटे बेटे और बड़ी बहू की मौके पर मौत हो गई और पोता-पोती गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुरनपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार यह हादसा पीलीभीत जिला मुख्यालय से लगभग 42 किलोमीटर दूर पूरनपुर-खुटार राजमार्ग पर चीनी मिल के पास हुआ। कार पूरनपुर से खुटार की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने कार में टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस भीषण टक्कर में मारे गए लोगों की पहचान उत्तराखंड के शक्ति फार्म सितारगंज निवासी शेफाली (60), उनके बेटे तारक (35) और बड़े बेटे सनातन गायन की पत्नी साधना गायन (45) के रूप में हुई है। साधना की बेटी खुशबू (16) और बेटा सनातनु (14) घायल हैं। खुशबू के सिर में गंभीर चोट लगी है, उसकी हालत नाजुक है।
पूरनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विधि भूषण मौर्य ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इस हादसे के तुरंत बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। डंपर व कार को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में तारक का शव स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया। शव को निकालने के लिए गेट को काटना पड़ा।
पुलिस के अनुसार सभी लोग उत्तराखंड राज्य के शक्ति फार्म नंबर 3 सितारगंज के निवासी है। ये लोग आज सुबह गोला गोरखनाथ छोटी काशी ,जिला लखीमपुर में आयोजित किसी रिश्तेदार के यहां नामकरण संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
भाषा सं आनन्द नरेश
नरेश

Facebook


