योगी ने कुशीनगर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
योगी ने कुशीनगर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
कुशीनगर, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर जिले के तमकुहीराज में बाढ़ से प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें राहत सामग्री वितरित की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान योगी के साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के दिनों में नारायणी नदी में पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी पहुंच गया, जिससे एपी तटबंध टूट गया और कई गांवों में पानी आ गया।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
योगी ने क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत और फसलों के लिए आर्थिक मदद देने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने नारायणी नदी में जलस्तर बढ़ने से पैदा हुई बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और बेदूपार इंटर कॉलेज में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी।
योगी ने कहा कि बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों का प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जबकि आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।
योगी ने अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण करने और प्रभावित किसानों को 10 दिन के भीतर मुआवजा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को लोगों को बिना देरी के राहत शिविरों में पहुंचाने और वहां पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भाषा
आनन्द पारुल
पारुल

Facebook


