चीनी मांझे और मोबाइल से आपको पूरी तरह दूर रहना है: योगी आदित्यनाथ की बच्चों से अपील

चीनी मांझे और मोबाइल से आपको पूरी तरह दूर रहना है: योगी आदित्यनाथ की बच्चों से अपील

चीनी मांझे और मोबाइल से आपको पूरी तरह दूर रहना है: योगी आदित्यनाथ की बच्चों से अपील
Modified Date: February 9, 2026 / 10:56 am IST
Published Date: February 9, 2026 10:56 am IST

लखनऊ, नौ फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बच्चों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें चीनी मांझे से पूरी तरह दूर रहना चाहिए और उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह भी दी।

योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम लिखा पत्र ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, “आपकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता हमारी सरकार की प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा कि आज वह बच्चों के साथ तीन महत्वपूर्ण बातें साझा करना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आकाश में ऊंची उड़ती पतंग सभी को अच्छी लगती है। आपको भी पतंग उड़ाने में मजा आता होगा, लेकिन चाइनीज (चीनी) मांझे से आपको पूरी तरह दूर रहना है।”

पत्र में उन्होंने कहा कि तेज धार वाले इस मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है और पूरे प्रदेश में इसके उपयोग, बिक्री और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध है।

उन्होंने कहा कि इससे होने वाली जनहानि को देखते हुए पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि वे न तो स्वयं इसका उपयोग करें और न ही दूसरों को करने दें, बल्कि अपने दोस्तों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक करें।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मोबाइल बच्चों का कीमती समय चुरा रहा है। मोबाइल पर गेम खेलना और रील देखना कई-कई घंटों तक जारी रहता है, जिससे आंखें कमजोर होती हैं, एकाग्रता भंग होती है और शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।’’

उन्होंने सलाह दी, ‘‘मोबाइल की जगह बच्चों को किताबों से दोस्ती करनी चाहिए। परिवार के साथ समय बिताना, खेलना और पढ़ाई पर ध्यान देना अधिक लाभकारी है।’’

मुख्यमंत्री ने आने वाली परीक्षाओं के लिए बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को परीक्षा कक्ष में पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करने, प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी और कहा कि अनुशासन में कोई कमी न रखें तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहें।

भाषा आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में