पाकिस्तान के पंजाब में 18 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

Ads

पाकिस्तान के पंजाब में 18 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 02:46 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 02:46 PM IST

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, 22 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पिछले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े 18 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के अनुसार, प्रांत के विभिन्न जिलों में खुफिया जानकारी के आधार पर 100 से अधिक अभियान चलाए गए।

सीटीडी ने बताया कि फैसलाबाद, सियालकोट, सरगोधा, साहिवाल, हाफिजाबाद, गुजरांवाला, भक्कर, लाहौर और मुल्तान जिलों से आईएसआईएस, अल-कायदा और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान समेत प्रतिबंधित संगठनों से संबंध रखने के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

संदिग्धों के पास से तीन किलोग्राम से अधिक विस्फोटक, आठ डेटोनेटर, 13.1 फुट सेफ्टी फ्यूज, 4.5 फुट ‘प्राइमा कॉर्ड’ (विस्फोट करने में इस्तेमाल होने वाला तार), चार पिस्तौल और 21 गोलियां बरामद की गईं।

सीटीडी ने कहा कि ये संदिग्ध पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। उसने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिये गए हैं और आगे की जांच जारी है।

भाषा सिम्मी अमित

अमित