श्रीलंका से रिहा हुए 30 भारतीय मछुआरे स्वदेश लौटे

श्रीलंका से रिहा हुए 30 भारतीय मछुआरे स्वदेश लौटे

श्रीलंका से रिहा हुए 30 भारतीय मछुआरे स्वदेश लौटे
Modified Date: April 7, 2026 / 02:59 pm IST
Published Date: April 7, 2026 2:59 pm IST

कोलंबो, सात अप्रैल (भाषा) श्रीलंका से रिहा किए गए 30 भारतीय मछुआरों को मंगलवार को वापस भेज दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारत के 30 मछुआरों को आज श्रीलंका से वापस भेजा गया।’

उन्होंने बताया कि ये मछुआरे स्वदेश लौट रहे हैं।

श्रीलंका की नौसेना के अनुसार, उसने इस साल अब तक मछली पकड़ने वाली 15 नौकाएं जब्त की और 102 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है।

उसने कहा कि 2025 में श्रीलंका के जल क्षेत्र में 346 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था।

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर बुद्धिका संपत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह नहीं बता सकते कि रिहा किए गए 30 मछुआरे किस समूह से थे।

उन्होंने कहा, ‘यह पूरी तरह से अदालती प्रक्रिया पर निर्भर करता है।’

भारत और श्रीलंका के संबंधों में मछुआरों का मुद्दा एक विवादास्पद विषय रहा है। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पाक जलडमरूमध्य में कथित रूप से श्रीलंकाई क्षेत्रीय जल में प्रवेश करने वाले भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी करने और उनकी नौकाएं जब्त करने की कई कथित घटनाएं सामने आई हैं।

तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच स्थित संकीर्ण पाक जलडमरूमध्य दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक प्रमुख क्षेत्र है।

दोनों देशों के मछुआरों को अक्सर एक-दूसरे के जलक्षेत्र में प्रवेश करने के कारण गिरफ्तार किया जाता है।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में