दारफुर में शादी समारोह पर ड्रोन हमले में 30 लोग मारे गए

Ads

दारफुर में शादी समारोह पर ड्रोन हमले में 30 लोग मारे गए

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 09:42 AM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 09:42 AM IST

काहिरा, 10 अप्रैल (एपी) सूडान में दारफुर क्षेत्र के एक कस्बे में एक शादी समारोह पर ड्रोन हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 30 आम नागरिकों की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया कि यह शादी समारोह उत्तरी दारफुर के कुतुम कस्बे में हो रहा था।

यह हमला सेना और अर्द्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ के बीच बढ़ते ड्रोन हमलों की कड़ी में हालिया घटना है। दोनों पक्ष अप्रैल 2023 से युद्धरत हैं।

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, सूडान में करीब तीन वर्ष से जारी इस संघर्ष में 40,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि सहायता समूहों का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।

स्टीफन दुजारिक ने कहा, “हम इस हमले और आम नागरिकों के खिलाफ सभी हमलों की निंदा करते हैं। आम नागरिकों और उनके ठिकानों पर ड्रोन से किए गए हमले अस्वीकार्य हैं।”

सेना ने इस पर प्रतिक्रिया के अनुरोध का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।

पिछले सप्ताह देश के दक्षिण-मध्य हिस्से में एक अस्पताल पर ड्रोन हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी।

एपी प्रचेता सिम्मी

सिम्मी