फिलीपीन में 7.8 तीव्रता का भूकंप: 35 लोगों की मौत, सुनामी की लहरें उठीं

फिलीपीन में 7.8 तीव्रता का भूकंप: 35 लोगों की मौत, सुनामी की लहरें उठीं

फिलीपीन में 7.8 तीव्रता का भूकंप: 35 लोगों की मौत, सुनामी की लहरें उठीं
Modified Date: June 8, 2026 / 09:36 pm IST
Published Date: June 8, 2026 9:36 pm IST

दावाओ (फिलीपीन), आठ जून (एपी) दक्षिणी फिलीपीन में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिसमें कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक लोग घायल हो गए।

हताहत हुए अधिकतर लोग क्षतिग्रस्त इमारतों में घायल अवस्था में मिले तथा भूकंप के कारण समुद्र में सुनामी की एक मीटर ऊंची लहरें भी उठीं।

अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन में कम से कम 17 लोग मारे गए और इसी के साथ इस क्षेत्र में भूकंप से मरने वालों की संख्या कम से कम 35 हो गई।

‘जनरल सैंटोस’ शहर में कुछ इमारतें ढह गईं और प्रमुख बुनियादी ढांचे को भूकंप से नुकसान पहुंचा। वहीं, समुद्र तट से सटे एक गांव में सुनामी से नुकसान की खबर मिली।

इंडोनेशिया और पलाऊ तथा दक्षिणी जापान में भी समुद्र में सुनामी की छोटी लहरें उठीं।

फिलीपीन ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान के निदेशक टेरेसिटो बाकोलकोल ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया, ‘‘यह भीषण भूकंप था और हमें नुकसान का अंदेशा था।’’

उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि वे अपने क्षतिग्रस्त मकानों में लौटने से पहले परामर्श कर लें क्योंकि भूकंप के बाद के झटके आने का संदेह है।

नागरिक सुरक्षा कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक रॉड सॉसमेना ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, ‘‘हमारी पिकअप ट्रक में अचानक झटका लगा और मुझे लगा कि टायर पंचर हो गया है।’’

सॉसमेना ने बताया, ‘‘भूकंप के झटके बहुत जोरदार थे और लोग अपने अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए थे।’’

एक अन्य आपदा-प्रतिक्रिया अधिकारी एडनार दयांगहिरंग ने कहा, ‘‘भूकंप के झटके इतने जोरदार थे कि मैं मुश्किल से खड़ा हो पाया और दावाओ स्थित अपने घर से किसी तरह बाहर निकल पाया।’’

भूकंप से जनरल सैंटोस को काफी नुकसान पहुंचा है। करीब सात लाख से अधिक लोगों की आबादी वाला यह बंदरगाह शहर देश के दक्षिणी मिंडानाओ क्षेत्र में टूना (मछली) प्रसंस्करण और अन्य व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र है।

बाकोलकोल के अनुसार, इस वर्ष फिलीपीन में आए सबसे शक्तिशाली भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के तट से दूर समुद्र में 33 किलोमीटर की गहराई पर था, जो सारंगानी प्रांत के मासिम शहर से लगभग 32 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।

फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा, ‘‘देश की सरकार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है और हम मिंडानाओ के लोगों के साथ हैं।’’

प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (पीटीडब्ल्यूसी) ने बताया कि भूकंप के इतने समय बीत जाने के बाद अब सुनामी का खतरा लगभग टल गया है। अधिकारियों ने बताया कि जाम्बोआंगा डेल सुर के एक तटीय गांव में भूकंप और ऊंची लहरों के कारण छह झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

आपदा-प्रतिक्रिया अधिकारी एडनार दयांगहिरंग ने बताया कि अप्रैल से मई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से स्कूल फिर खुले और 100 से अधिक छात्र सुबह के ध्वजारोहण समारोह में भाग ले रहे थे। कुछ छात्र घायल भी हुए और कुछ दहशत में आकर बेहोश हो गए।

नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण जनरल सैंटोस का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और 17 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं।

सॉसमेना ने बताया कि भूकंप सुबह सात बजकर 37 मिनट पर आया और लोग घबराकर अपने अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

बाकोलकोल ने बताया कि फिलीपीन के सुल्तान कुदरत और सारंगानी प्रांतों में एक मीटर (तीन फुट) ऊंची लहरों के उठने की सूचना मिली। वहीं, सारंगानी के किआम्बा कस्बे के तटीय क्षेत्र में एक बार 1.4 मीटर (4.6 फुट) ऊंची लहर देखी गई।

बोर्नियो द्वीप पर स्थित मलेशिया के सबाह राज्य में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। सबाह दक्षिणी फिलीपीन से सटा है। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के पास 83 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी की लहरें दर्ज की गईं और पीटीडब्ल्यूसी ने बताया कि पलाऊ में 30 सेंटीमीटर ऊंची लहरें मापी गईं।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि जापान के सुदूरवर्ती द्वीप चिचिजिमा और मध्य जापानी शहर कुशिमोटो में 20 सेंटीमीटर तक ऊंची लहरें उठीं।

एपी सिम्मी माधव

माधव


लेखक के बारे में