यहूदियों की बस्ती के एक निवासी ने एक फलस्तीनी किसान की गोली मारकर हत्या की

Ads

यहूदियों की बस्ती के एक निवासी ने एक फलस्तीनी किसान की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - October 29, 2023 / 04:50 PM IST,
    Updated On - October 29, 2023 / 04:50 PM IST

यरुशलम, 29 अक्टूबर (एपी) वेस्ट बैंक के समीप नबलस शहर में यहूदियों की बस्ती के एक निवासी ने एक फलस्तीनी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के चाचा ने रविवार को यह जानकारी दी।

तीन सप्ताह पहले हमास ने इजराइल में खूनी संघर्ष की शुरुआत की थी, जिसके बाद से यहूदी बस्तियों के निवासियों द्वारा मारे गए फलस्तीनियों की संख्या सात हो गई है।

तयसीर महमूद ने बताया कि उसका भतीजा बिलाल सालेह शनिवार को अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ साविया गांव में खेत में काम कर रहा था कि तभी उनके ऊपर बस्ती में रहने वाले लोगों के एक समूह ने हमला बोल दिया।

महमूद ने बताया कि सालेह ने अपने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन एक व्यक्ति ने उसके सीने में गोली मार दी।

महमूद ने बताया कि घटना के वक्त वह मौके पर नहीं था, लेकिन गोलीबारी की घटना के चंद मिनट बाद ही वह मौके पर पहुंच गया था। उन्होंने बताया कि सालेह को इलाज के लिए चिकित्सा केंद्र ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

बस्तियों में रहने वाले निवासियों के नेता योस्सी दगान ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर शनिवार को एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें उसने कहा कि जिस व्यक्ति ने गोली चलाई उसके साथ उसके परिवार के सदस्य भी थे और दर्जनों हमास समर्थकों द्वारा पत्थरों से हमला करने के बाद उसने आत्मरक्षा के तौर पर गोली चलाई थी।

एपी जितेंद्र सुरेश

सुरेश