मादुरो अभियान से जुड़े एक सैनिक पर ऑनलाइन सट्टा बाजार में गोपनीय सूचना के इस्तेमाल का आरोप
मादुरो अभियान से जुड़े एक सैनिक पर ऑनलाइन सट्टा बाजार में गोपनीय सूचना के इस्तेमाल का आरोप
वाशिंगटन, 24 अप्रैल (एपी) वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के सैन्य अभियान में शामिल अमेरिकी विशेष बलों के एक सैनिक पर ऑनलाइन सट्टेबाजी बाजार में 400,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक राशि जीतने के लिए मिशन से संबंधित गोपनीय जानकारी का उपयोग करने का आरोप लगा है। संघीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
न्यूयॉर्क स्थित संघीय अभियोजक कार्यालय ने कहा कि गैन्नन केन वैन डाइक जनवरी में मादुरो को पकड़ने के अभियान का हिस्सा था और उसने गोपनीय जानकारी तक अपनी पहुंच का इस्तेमाल सट्टेबाजी बाजार साइट ‘पॉलीमार्केट’ पर पैसा कमाने के लिए किया।
न्याय विभाग ने उस पर गोपनीय सरकारी जानकारी का निजी लाभ के लिए गैरकानूनी इस्तेमाल, सरकारी जानकारी की चोरी, धोखाधड़ी और गैरकानूनी वित्तीय लेनदेन का आरोप लगाया है। उसे कई साल जेल की सजा हो सकती है।
संघीय अभियोजक कार्यालय के अनुसार, 38 वर्षीय वैन डाइक आठ दिसंबर, 2025 से लगभग एक महीने तक मादुरो को पकड़ने की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में शामिल था।
अभियोजकों का कहना है कि उसने अभियान से संबंधित ‘किसी भी संवेदनशील जानकारी’ का खुलासा नहीं करने का वादा करते हुए गोपनीयता समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन उसने 31 जनवरी, 2026 तक मादुरो के सत्ता से बाहर होने से संबंधित कई तरह के सट्टों में इन जानकारी का इस्तेमाल किया।
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “इसमें एक अमेरिकी सैनिक शामिल है जिसने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग करके एक न्यायसंगत सैन्य अभियान से लाभ कमाया।”
दुनिया के सबसे बड़े सट्टाबाजारों में एक, ‘पॉलीमार्केट’ ने कहा कि उसे गोपनीय सरकारी जानकारी का इस्तेमाल कर कारोबार करने वाले एक व्यक्ति का पता चला है। कंपनी ने इसकी सूचना अमेरिकी न्याय विभाग को दी और ‘‘जांच में सहयोग किया।’’
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘पॉलीमार्केट पर भेदिया कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है।’’
एपी
राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


