अमेरिका जा रही एयर फ्रांस की उड़ान इबोला यात्रा प्रतिबंधों के कारण मॉन्ट्रियल मोड़ी गई
अमेरिका जा रही एयर फ्रांस की उड़ान इबोला यात्रा प्रतिबंधों के कारण मॉन्ट्रियल मोड़ी गई
टोरंटो, 22 मई (एपी) कांगो के एक यात्री को इबोला प्रकोप से जुड़े यात्रा प्रतिबंधों के बीच पेरिस में ‘गलती से’ विमान में सवार होने देने के बाद डेट्रॉइट जा रही एयर फ्रांस की एक उड़ान को मॉन्ट्रियल की ओर मोड़ दिया गया। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुधवार को उस यात्री को विमान में सवार नहीं होना चाहिए था, क्योंकि इबोला के फैलने के जोखिम को कम करने के लिए अमेरिका ने प्रवेश प्रतिबंध लगाए हैं।
प्रवक्ता ने एक ईमेल में कहा कि अधिकारियों ने ‘‘त्वरित कार्रवाई करते हुए उस यात्री को ले जा रही उड़ान को डेट्रॉइट मेट्रोपॉलिटन वेन काउंटी एयरपोर्ट पर उतरने से रोक दिया और इसके बजाय उसे कनाडा के मॉन्ट्रियल की ओर मोड़ दिया।’’
एयर फ्रांस ने कहा कि कांगो के उस यात्री को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, क्योंकि नए नियमों के अनुसार कांगो सहित कुछ देशों से आने वाले यात्री केवल वॉशिंगटन के माध्यम से ही अमेरिका में प्रवेश कर सकते हैं।
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने यह भी कहा कि वे सभी अमेरिकी नागरिक और स्थायी निवासी जो पिछले 21 दिनों में कांगो, युगांडा या दक्षिण सूडान में रहे हैं और अमेरिका आ रहे हैं उन्हें अतिरिक्त जांच के लिए केवल वॉशिंगटन डलास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से ही प्रवेश करना होगा।
कनाडा की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के प्रवक्ता क्रेग करी ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने कनाडाई प्रशासन को सूचित किया कि विमान को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, क्योंकि पिछले 21 दिनों के भीतर कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, युगांडा और दक्षिण सूडान की यात्रा करने वाले लोगों पर अस्थायी यात्रा प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
करी ने कहा कि मॉन्ट्रियल में एक सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी ने उस यात्री की जांच की और पाया कि उसमें संक्रमण में कोई लक्षण नहीं थे। उन्होंने बताया कि वह यात्री वापस पेरिस लौट गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इबोला के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।
एपी शोभना सुरभि
सुरभि

Facebook


