त्रिनिदाद में कृत्रिम पैर केंद्र की स्थापना,जयशंकर ने इसे दिव्यांगजन के लिए वरदान बताया

त्रिनिदाद में कृत्रिम पैर केंद्र की स्थापना,जयशंकर ने इसे दिव्यांगजन के लिए वरदान बताया

त्रिनिदाद में कृत्रिम पैर केंद्र की स्थापना,जयशंकर ने इसे दिव्यांगजन के लिए वरदान बताया
Modified Date: May 12, 2026 / 08:38 am IST
Published Date: May 12, 2026 8:38 am IST

वाशिंगटन, 12 मई (भाषा) घुटने के नीचे पैर गंवा चुके लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए त्रिनिदाद और टोबैगो में एक स्थायी केंद्र का उद्घाटन किया गया। यह कदम कैरेबियाई क्षेत्र में दिव्यांगजन के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो की अपनी यात्रा के दौरान गैर-लाभकारी संगठन ‘जयपुर फुट यूएसए’ द्वारा स्थापित ‘जयपुर फुट प्रोस्थेटिक्स सेंटर’ का उद्घाटन नौ मई को किया। इस अवसर पर त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर भी मौजूद थीं।

जयशंकर ने इस केंद्र को त्रिनिदाद और टोबैगो तथा 15 से अधिक द्वीपीय देशों वाले व्यापक ‘कैरिकॉम’ क्षेत्र में दिव्यांग लोगों की चलने-फिरने की क्षमता बहाल करने की दिशा में वरदान करार दिया

भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की सहयोगी संस्था ‘जयपुर फुट यूएसए’ दक्षिण त्रिनिदाद के पीनल नगर में स्थापित इस केंद्र को 600 कृत्रिम अंग उपलब्ध कराएगी।

अमेरिका की इस गैर-लाभकारी संस्था ने स्थानीय तकनीशियनों को प्रशिक्षण देने के लिए जयपुर से एक अत्यंत कुशल कृत्रिम अंग विशेषज्ञ को भी त्रिनिदाद केंद्र में नियुक्त किया है।

कैरेबियाई देश में इस स्थायी केंद्र की स्थापना पिछले वर्ष अक्टूबर में पोर्ट ऑफ स्पेन में आयोजित 50-दिवसीय जयपुर फुट शिविर की सफलता के बाद की गई है, जिससे 800 से अधिक लोगों को लाभ मिला था।

‘जयपुर फुट यूएसए’ के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘ यह स्थायी केंद्र न केवल लोगों की चलने-फिरने की क्षमता बहाल करेगा, बल्कि कैरेबियाई क्षेत्र के दिव्यांग व्यक्तियों को गरिमा भी प्रदान करेगा।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष जुलाई में त्रिनिदाद और टोबैगो की अपनी यात्रा के दौरान इस द्वीपीय देश में कृत्रिम अंग प्रतिरोपण शिविर आयोजित करने की घोषणा की थी।

भाषा शोभना यासिर

शोभना


लेखक के बारे में