पाकिस्तान के एक अस्पताल में आग लगने से 14 शिशुओं की मौत : प्राधिकारी
पाकिस्तान के एक अस्पताल में आग लगने से 14 शिशुओं की मौत : प्राधिकारी
इस्लामाबाद, 26 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक प्रमुख अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में बुधवार को आग लगने से 14 नवजात शिशुओं की मौत हो गयी।
यह आग राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में लगी।
इस्लामाबाद प्रशासन ने एक बयान में कहा कि अस्पताल के मातृ एवं शिशु वार्ड की तीसरी मंजिल पर आग लगने से 14 नवजातों की मौत हो गई।
पीआईएमएस की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने ‘डॉन’ अखबार को बताया कि जिस वार्ड में आग लगी, वहां 15 नवजात शिशु मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘एक डॉक्टर ने एक नवजात शिशु को बचा लिया।’’
प्रशासन के बयान के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान में दमकल की छह गाड़ियां और चार एंबुलेंस तैनात की गयीं।
बयान में कहा गया है, ‘‘आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।’’ साथ ही बताया गया कि घटना की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त जनरल की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई है।
इससे पहले मीडिया में आयी खबरों में दावा किया गया था कि इस घटना में 15 नवजात शिशुओं की मौत हुई है।
आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर पीआईएमएस की प्रवक्ता जलील ने बताया कि आग सुबह करीब सात बजे लगी और प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
उन्होंने कहा कि आग को बुझा दिया गया है, लेकिन प्रभावित हिस्से को पूरी तरह ठंडा करने की प्रक्रिया में अभी कुछ समय लगेगा।
भाषा गोला मनीषा शोभना
शोभना

Facebook


