नेपाल के धाडिंग में बस दुर्घटना में 17 लोगों की मौत
नेपाल के धाडिंग में बस दुर्घटना में 17 लोगों की मौत
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 23 फरवरी (भाषा) नेपाल के धाडिंग जिले में गजुरी के पास रविवार देर रात एक यात्री बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई।
सशस्त्र पुलिस बल के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, पोखरा से काठमांडू आ रही बस रविवार देर रात डेढ़ बजे काठमांडू से करीब 90 किलोमीटर पश्चिम में पृथ्वी राजमार्ग पर त्रिशूली नदी में जा गिरी, जिससे कई यात्री हताहत हो गए।
भट्ट ने बताया कि दुर्घटनास्थल से 17 शव बरामद किए गए हैं और बस से 28 घायल यात्रियों को निकाला गया।
उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य में नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के कर्मियों को लगाया गया है।
हादसे में मारे गए लोगों में एक पुरुष यात्री न्यूजीलैंड का था। घटना में घायल लोगों में जापान और नीदरलैंड की एक-एक महिला शामिल है।
पुलिस ने कहा कि हादसे का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन संभवत: अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाए जाने के कारण यह हादसा हुआ।
भाषा
सिम्मी गोला
गोला

Facebook


