‘सेफसी विष्णु’ पर हमला सुनियोजित’ था: कंपनी प्रमुख
‘सेफसी विष्णु’ पर हमला सुनियोजित’ था: कंपनी प्रमुख
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, 13 मार्च (भाषा) अमेरिका के स्वामित्व वाले कच्चे तेल के टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर हुए हमले के बाद कंपनी ‘सेफसी ग्रुप’ के अध्यक्ष एसवी अंचन ने कहा कि यह हमला ‘‘सोच समझकर किया गया’’ प्रतीत होता है।
इस हमले में भारतीय चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई थी।
अंचन ने कहा कि यह हमला सरकारों के लिए एक चेतावनी होनी चाहिए कि वाणिज्यिक समुद्री मार्ग युद्ध के मैदान नहीं बन सकते और नाविकों की जान को कभी भी अनजाने में हुई क्षति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
अंचन ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक बयान में कहा, ‘‘एमटी सेफसी विष्णु पर हुआ विनाशकारी हमला इस बात की स्पष्ट याद दिलाता है कि दुनिया भर के वाणिज्यिक नाविक भू-राजनीतिक संघर्ष के खतरों के प्रति तेजी से असुरक्षित होते जा रहे हैं।’’
मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाले जहाज सेफसी विष्णु पर 11 मार्च को इराक के बसरा के पास खोर अल जुबैर बंदरगाह के तट पर एक ईरानी आत्मघाती नौका ने हमला किया।
इस हमले में जहाज के एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मृत्यु हो गई, जो जहाज के शीर्ष नाविकों में से एक थे।
बयान में कहा गया है, ‘‘शेष हुए चालक दल के सदस्यों से बात करने के बाद हमारे शुरुआती आकलन से पता चलता है कि हमला जानबूझकर और सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था। विस्फोटकों से भरी दो मानवरहित नौकाओं ने जहाजों के बाईं ओर टक्कर मारी। यह ईरानी शासन की चरमपंथी मानसिकता को दर्शाता है।’’
इस भयावह घटना का पहला विस्तृत विवरण देते हुए अंचन ने बताया कि कैसे उनके जहाज के चालक दल के सदस्य 11 मार्च की रात को स्थानीय समयानुसार 11 बजकर 45 मिनट पर हमले की चपेट में आए और ‘‘अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते रहे’’।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना

Facebook


