एप्स्टीन मामले में बिल क्लिंटन ने पुराने संबंधों से किया किनारा
एप्स्टीन मामले में बिल क्लिंटन ने पुराने संबंधों से किया किनारा
वाशिंगटन, तीन मार्च (एपी) अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने सांसदों के समक्ष बंद कमरे में दी गवाही में यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से दूरी बनाने की कोशिश की।
यह बयान उन्होंने प्रतिनिधि सभा की निगरानी समिति के समक्ष दी गयी गवाही में दिया, जिनके वीडियो सोमवार को जारी किए गए। यह गवाही बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हुई थी।
क्लिंटन ने कहा कि 2008 में एप्स्टीन द्वारा एक नाबालिग लड़की से वेश्यावृत्ति कराने के आरोप में दोष स्वीकार करने से कई वर्ष पहले ही उन्होंने उससे संबंध समाप्त कर लिए थे। वहीं, उनकी पत्नी हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि उन्हें एप्स्टीन से मुलाकात की याद तक नहीं है।
एप्स्टीन ने 2019 में न्यूयॉर्क में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोपों में जेल में रहते हुए आत्महत्या कर ली थी।
बिल क्लिंटन ने बताया कि उनकी पहली मुलाकात 2002 में एप्स्टीन के निजी विमान से एक मानवीय सहायता कार्य के लिए यात्रा के दौरान हुई थी और अगले वर्ष दोनों अलग हो गए।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं उसके साथ था, तब ऐसा कुछ नहीं देखा जिससे लगे कि वह महिलाओं की तस्करी कर रहा है।’’
क्लिंटन के राष्ट्रपति रहने के दौरान एप्स्टीन ने कई बार अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस का दौरा किया था और उनके हाथ मिलाते हुए तस्वीरें भी मौजूद हैं। क्लिंटन ने सांसदों से कहा कि उन्हें उन मुलाकातों के बारे में कोई याद नहीं है।
रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों सांसदों ने उनसे उन तस्वीरों पर सवाल किए जिनमें वह एप्स्टीन के साथ दिखे। क्लिंटन ने कहा कि उनका संबंध केवल औपचारिक और शिष्टाचारपूर्ण था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में पूछे जाने पर क्लिंटन ने कहा कि ट्रंप ने कभी ऐसा कुछ नहीं कहा जिससे लगे कि वह एप्स्टीन के किसी गलत काम में शामिल थे। रिपब्लिकन नेताओं ने इसे ट्रंप के पक्ष में बताया, जबकि डेमोक्रेट सांसदों ने कहा कि यह ट्रंप के हालिया दावों से अलग है।
एपी गोला वैभव
वैभव

Facebook


