‘बांग्लादेश में लोकतांत्रिक मार्ग के लिए बीएनपी और जमात एक अच्छी जोड़ी’
‘बांग्लादेश में लोकतांत्रिक मार्ग के लिए बीएनपी और जमात एक अच्छी जोड़ी’
ढाका, 13 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक शीर्ष नेता ने शुक्रवार को कहा कि पूर्ण बहुमत वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और एक मजबूत विपक्षी जमात-ए-इस्लामी देश में अगले लोकतांत्रिक पथ के लिए एक बहुत अच्छी जोड़ी होगी।
चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद बीएनपी सत्ता में वापसी करने के लिए तैयार है।
स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, 300 सीटों वाली संसद में 151 से अधिक सीटों के साथ, बीएनपी बृहस्पतिवार को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। खबरों के अनुसार, दोपहर के आसपास 11 दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही जमात-ए-इस्लामी लगभग 75 सीटों पर आगे चल रही है या जीत हासिल करने के करीब है।
बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के सलाहकार सैयद मौअज्जम हुसैन अलाल ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, “यह चुनाव आयोग, अंतरिम सरकार, राजनीतिक दलों और सबसे महत्वपूर्ण कारक, देश की आम जनता के सहयोग से आयोजित एक ऐतिहासिक चुनाव था।”
उन्होंने कहा, “हमने इन चारों घटकों के बीच सफलतापूर्वक एक सेतु का निर्माण कर लिया है… परिणाम सामने आ चुके हैं और बांग्लादेश के लोग अपनी पसंद व्यक्त करके बहुत प्रसन्न हैं। इसके परिणामस्वरूप, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को पूर्ण बहुमत प्राप्त हो गया है।”
अलाल ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व में विपक्ष को भी अच्छी संख्या में सीटें मिली हैं, “संसद में पूर्ण बहुमत वाली पार्टी बीएनपी और मजबूत विपक्षी जमात-ए-इस्लामी का नेतृत्व… यह एक अच्छी बात होगी…बांग्लादेश में अगले लोकतांत्रिक पथ के लिए एक बहुत अच्छा संयोजन।”
भाषा
प्रशांत पवनेश
पवनेश

Facebook


