सऊदी अरब में घायल भारतीय नागरिकों के संपर्क में वाणिज्य दूतावास, हरसंभव मदद का आश्वासन
सऊदी अरब में घायल भारतीय नागरिकों के संपर्क में वाणिज्य दूतावास, हरसंभव मदद का आश्वासन
जेद्दा, 14 सितंबर (भाषा) जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जाजान में हाल में हुई घटनाओं में घायल होने के बाद एक अस्पताल में इलाज करा रहे भारतीय नागरिकों को ‘‘पूर्ण सहयोग और सहायता’’ का सोमवार को आश्वासन दिया।
वाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह ‘‘अस्पताल प्रशासन, प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवार के सदस्यों के लगातार संपर्क में है।’’
वाणिज्य दूतावास ने कहा कि महावाणिज्यदूत फहद सूरी ने जाजान में हाल की घटनाओं में घायल हुए और जेद्दा के डॉ. सुलेमान फकीह अस्पताल में इलाज करा रहे भारतीय नागरिकों से मुलाकात की।
वाणिज्य दूतावास ने घायल भारतीय नागरिकों की संख्या का उल्लेख किए बिना कहा, ‘‘महावाणिज्यदूत ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, मरीजों से बातचीत की और उन्हें वाणिज्य दूतावास की ओर से पूर्ण सहयोग और सहायता का आश्वासन दिया।’’
‘अरब न्यूज’ के अनुसार, शनिवार को यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई एक मिसाइल के जाजान के अल-तुवाल गवर्नरेट में गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। हालांकि, भारतीय वाणिज्य दूतावास ने यह पुष्टि नहीं की कि जेद्दा के अस्पताल में इलाज करा रहे भारतीय नागरिक उसी घटना में घायल हुए थे या नहीं।
हाल के दिनों में यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्रों में मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


