दक्षिण अफ्रीका में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई
दक्षिण अफ्रीका में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई
जोहानिसबर्ग, तीन मार्च (एपी) दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग शहर में एक इमारत ढहने से मरने वाले लोगों की संख्या मंगलवार को बढ़कर नौ हो गई। आपातकालीन सेवाओं और शहर के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सरकार इमारत को अवैध बताते हुए उसे ध्वस्त करने की तैयारी कर रही है।
जोहानिसबर्ग आपातकालीन प्रबंधन सेवाओं की प्रवक्ता जोलिले खुमाओलो ने कहा कि दो और शव बरामद किए गए हैं जबकि एक अन्य शव मलबे में पड़ा दिखा है।
उन्होंने कहा, “बचाव टीम शव को कंक्रीट के मलबे से बाहर निकालने में व्यस्त हैं।”
जोहानिसबर्ग के सार्वजनिक सुरक्षा अधिकारी म्गिनी त्शवाकू ने पुष्टि की कि जोहानिसबर्ग के दक्षिण में एक व्यावसायिक पार्क में ध्वस्त हुई इमारत से कुल नौ शव मिलने की पुष्टि हुई है।
सोमवार को ओरमोंड उपनगर में स्थित इमारत की ऊपरी मंजिल ढहने के कारण मलबा नीचे मौजूद लोगों पर गिर गया, जिससे छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग फंसे रह गए।
जोहानिसबर्ग के महापौर डाडा मोरेरो ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि इमारत की संरचना के लिए शहर में कोई औपचारिक योजनाएं प्रस्तुत नहीं की गई थीं। उन्होंने कहा कि कारणों की जांच जारी है, और इसके बाद अवैध संरचना को ध्वस्त किया जा सकता है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


