पश्चिमी नेपाल में बस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई
पश्चिमी नेपाल में बस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई
काठमांडू, छह फरवरी (भाषा) पश्चिमी नेपाल में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इलाज के दौरान पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया। यह हादसा बृहस्पतिवार को नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश में हुआ था।
काठमांडू पोस्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य ने दादेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे यह दुर्घटना उस समय हुई, जब बैताड़ी जिले के पुरचौड़ी नगरपालिका क्षेत्र से विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को लेकर जा रही बस पहाड़ी सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में एक महिला भी शामिल है। इस हादसे में 40 अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना पश्चिमी नेपाल के पुरचौड़ी-7 क्षेत्र के बदगांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सशस्त्र पुलिस बल के बचावकर्मियों ने काठमांडू पोस्ट को बताया कि बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और चढ़ाई चढ़ते समय बस का प्रेशर पाइप फटने के कारण यह हादसा होने की आशंका है।
स्थानीय निवासियों, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
भाषा मनीषा अमित
अमित

Facebook


