स्कूल ढहने से 60 छात्रों की मौत, प्रार्थना के लिए इकट्ठा हुए थे सभी, कई लोग घायल
इंडोनेशिया में स्कूल ढहने की घटना में मरने वाले छात्रों की संख्या 60 हुई
MP News। Photo Credit: IBC24 File Photo
सिदोअर्जो, छह अक्टूबर (एपी) इंडोनेशिया में पिछले हफ्ते एक इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल के प्रार्थना कक्ष के ढहने के बाद लापता छात्रों की तलाश कर रहे बचावकर्मियों ने सोमवार को 11 छात्रों के शव बरामद किए, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 60 हो गई।
इंडोनेशिया के जावा द्वीप के पूर्वी हिस्से में सिदोअर्जो स्थित एक सदी पुराने ‘अल खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल’ की इमारत 29 सितंबर को उस समय ढह गई थी, जब छात्र दोपहर की नमाज अदा कर रहे थे। घटना वाले स्थान पर सैकड़ों छात्र मौजूद थे, जिनमें ज्यादातर 12 से 19 साल के लड़के थे। बताया जा रहा है कि स्कूल की इमारत का अनधिकृत विस्तार किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि केवल एक छात्र सुरक्षित बच पाया, जबकि चोटिल हुए 99 छात्रों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल चार अन्य छात्र अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस ने कहा कि दो मंजिला इमारत में बिना अनुमति के दो और मंजिलें बनाई जा रही थीं, जिससे ढांचा उस भार को सहन नहीं कर पाया और ढह गया। इस घटना से इंडोनेशिया में अवैध निर्माण को लेकर व्यापक आक्रोश फैल गया है।
स्कूल ढहने की इस घटना में तीन छात्रों के अब भी लापता होने का अंदेशा है। बचाव दल लापता छात्रों को खोजने के प्रयास में मशीनों और उपकरणों की मदद से अब तक कई टन मलबा हटा चुके हैं। राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के मुताबिक, बचावकर्मियों को सोमवार को मलबे से 11 शव और शरीर के कम से कम छह अंग बरामद हुए।
अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर शव क्षत-विक्षत अवस्था में पाए गए और उनकी शिनाख्त करना मुश्किल है। शोक संतप्त रिश्तेदारों ने मृतकों की शिनाख्त के लिए पूर्वी जावा प्रांत की राजधानी सुरबाया के भयांगकारा पुलिस अस्पताल में डीएनए नमूने उपलब्ध कराए।
एक शीर्ष बचाव अधिकारी ने बरामद अवशेषों की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि लापता छात्रों में से किसी के भी जीवित बचे होने की उम्मीद न के बराबर है।

Facebook


