क्या गर्म पानी पीने से वजन घटता है, त्वचा साफ होती या ऐंठन में राहत मिलती है?
क्या गर्म पानी पीने से वजन घटता है, त्वचा साफ होती या ऐंठन में राहत मिलती है?
(लॉरेन बाल, क्वीन्सलैंड विश्वविद्यालय एवं एमिली बर्च – सदर्न क्रॉस विश्वविद्यालय)
ब्रिस्बेन (ऑस्ट्रेलिया), 11 फरवरी (द कन्वरसेशन) सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया चलन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि रोजाना एक कप सादा गर्म पानी (बिना किसी मिश्रण के) पीने से वजन घटाने, त्वचा साफ होने, गले की खराश और मासिक धर्म के दर्द में राहत जैसे फायदे मिलते हैं। इसे सरल और प्राकृतिक उपाय के रूप में पेश किया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार गुनगुना (उबलता नहीं) पानी पीना सामान्यतः सुरक्षित है और कई लोगों को इससे आराम महसूस होता है, लेकिन इसके विशेष स्वास्थ्य लाभों के पक्ष में ठोस वैज्ञानिक प्रमाण सीमित हैं। लाभ संभवतः अधिक पानी पीने, नियमित स्वास्थ्य आदत अपनाने या गर्माहट से मिलने वाले सुकून के कारण हो सकते हैं, न कि पानी के तापमान के कारण।
हाइड्रेशन अधिक महत्वपूर्ण
पानी, चाहे ठंडा हो या गर्म, शरीर के लिए आवश्यक है। पर्याप्त पानी पीना पाचन, रक्त संचार, गुर्दा क्रिया, रक्तचाप नियंत्रण और समग्र स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। 2025 के एक अध्ययन में संकेत मिला कि पर्याप्त पानी न पीने से रोजमर्रा के तनाव से निपटना कठिन हो सकता है। हालांकि अब तक ऐसा कोई मजबूत प्रमाण नहीं है कि गर्म पानी, सामान्य या ठंडे पानी की तुलना में अतिरिक्त स्वास्थ्य लाभ देता है।
मिथक 1: वजन घटाने में मदद
ऐसा कोई उच्च गुणवत्ता वाला मानव अध्ययन नहीं है जो यह साबित करे कि केवल गर्म पानी पीने से वजन घटता है। सामान्य तौर पर अधिक पानी पीने से भोजन से पहले तृप्ति बढ़ सकती है और मीठे या अधिक कैलोरी वाले पेय का सेवन कम हो सकता है। एक छोटे अध्ययन में पाया गया कि गर्म पानी आंतों की गति को थोड़ा बढ़ा सकता है, जिससे पाचन में मदद मिल सकती है, लेकिन यह प्रभाव मामूली है और वसा घटाने से जुड़ा नहीं है।
मिथक 2: गले की खराश ठीक करता है
इस दावे के पक्ष में अपेक्षाकृत स्पष्ट प्रमाण हैं कि गर्म तरल पदार्थ गले की खराश और नाक बंद होने के लक्षणों में राहत दे सकते हैं। गर्माहट और भाप बलगम को ढीला करने और ऊतकों को शांत करने में सहायक हो सकती है। हालांकि यह संक्रमण का इलाज नहीं है और बीमारी की अवधि कम नहीं करता, लेकिन लक्षणों में अस्थायी राहत संभव है।
मिथक 3: त्वचा साफ करता है
गर्म पानी त्वचा को “डिटॉक्स” करता है, इस दावे का कोई प्रत्यक्ष वैज्ञानिक आधार नहीं है। शरीर में विषहरण का काम यकृत और गुर्दे करते हैं। पर्याप्त पानी पीना त्वचा की नमी और लोच बनाए रखने में मदद करता है, लेकिन तापमान से विशेष फर्क पड़ने के प्रमाण नहीं हैं।
मिथक 4: मासिक धर्म दर्द में राहत
बाहरी गर्माहट, जैसे गर्म पानी की बोतल, मांसपेशियों को आराम देकर ऐंठन में राहत दे सकती है लेकिन केवल गर्म पानी पीने से मासिक धर्म के दर्द में कमी के ठोस प्रमाण नहीं हैं। हालांकि इस दौरान पर्याप्त पानी पीना असहजता कम करने में सहायक हो सकता है।
कुल मिलाकर, स्वास्थ्य लाभ के लिए पानी का तापमान नहीं, बल्कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीना अधिक महत्वपूर्ण है।
द कन्वरसेशन मनीषा सिम्मी
सिम्मी

Facebook


