मिस्र के राजनयिक नबील फहमी को अरब लीग का नया प्रमुख नियुक्त किया गया
मिस्र के राजनयिक नबील फहमी को अरब लीग का नया प्रमुख नियुक्त किया गया
काहिरा, 29 मार्च (एपी) अरब देशों के विदेश मंत्रियों ने रविवार को मिस्र के अनुभवी राजनयिक नबील फहमी को 22 सदस्यीय अरब लीग का प्रमुख नियुक्त किया। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व में ईरान के साथ एक महीने से जारी युद्ध थमने का कोई आसार नहीं दिख रहा।
मिस्र के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मिस्र के पूर्व विदेश मंत्री फहमी को वर्चुअल बैठक में अरब विदेश मंत्रियों का समर्थन प्राप्त हुआ।
फहमी का पांच वर्षीय कार्यकाल जुलाई में शुरू होगा। वे अहमद अबुल घीत का स्थान लेंगे, जो 2016 से अरब लीग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब ईरान के पड़ोसी अरब देश 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए व्यापक हवाई हमलों के जवाब में ईरान और उसके सहयोगियों द्वारा किए गए हमलों से जूझ रहे हैं।
फहमी इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे, क्योंकि यह एक लंबे समय से चली आ रही परंपरा है कि अरब लीग के मेजबान के रूप में मिस्र ही 1945 में इसकी स्थापना के बाद से इसके प्रमुख को नामित करता आया है।
वर्ष 1979 में केवल एक बार किसी गैर-मिस्रवासी (ट्यूनीशियाई राजनयिक अल-शजली अल-कलीबी) को इस पद पर नियुक्त किया गया था क्योंकि इजराइल के साथ मिस्र की शांति संधि के बाद उसकी सदस्यता निलंबित कर दी गई थी।
एपी संतोष नरेश
नरेश

Facebook


