अफगान तालिबान की सीमापार गोलाबारी में खैबर पख्तूनख्वा में आठ लोग घायल
अफगान तालिबान की सीमापार गोलाबारी में खैबर पख्तूनख्वा में आठ लोग घायल
पेशावर, 30 अप्रैल (भाषा)अफगान तालिबान द्वारा कथित तौर पर की गई सीमापार गोलाबारी में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक रिहायशी इलाके में महिलाओं और बच्चों सहित आठ नागरिक घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात दक्षिण वजीरिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र अंगूर अड्डा में हुई गोलाबारी में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
दक्षिण वजीरिस्तान लोअर के उपायुक्त शाहिद अली खान ने बताया कि गोलाबारी में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और महिलाओं और बच्चों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशफाक ने पुष्टि की कि घायलों को नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें प्रारंभिक उपचार दिया गया। उन्होंने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए डेरा इस्माइल खान और पेशावर के अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती इलाके में असैन्य आबादी को निशाना बनाकर की गई अकारण गोलाबारी के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


