जर्मनी में क्षेत्रीय चुनाव में धुर दक्षिणपंथी एएफडी की बड़ी जीत, बहुमत से चूकी

जर्मनी में क्षेत्रीय चुनाव में धुर दक्षिणपंथी एएफडी की बड़ी जीत, बहुमत से चूकी

जर्मनी में क्षेत्रीय चुनाव में धुर दक्षिणपंथी एएफडी की बड़ी जीत, बहुमत से चूकी
Modified Date: September 7, 2026 / 09:18 am IST
Published Date: September 7, 2026 9:18 am IST

मैगडेबर्ग (जर्मनी), सात सितंबर (एपी) धुर दक्षिणपंथी ‘अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ (एएफडी) ने रविवार को एक क्षेत्रीय चुनाव में शानदार जीत दर्ज की, लेकिन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जर्मनी में पहली धुर दक्षिणपंथी राज्य सरकार बनाने की कोशिश कर रही पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल करने से थोड़ा पीछे रह गई।

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की पार्टी ‘क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन ऑफ जर्मनी’ को पूर्वी राज्य सैक्सोनी-एनहाल्ट में करारी हार का सामना करना पड़ा। प्रवासन विरोधी और रूस समर्थक रुख रखने वाली एएफडी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार उलरिख सीगमुंड ने कहा कि ‘‘हमने इतिहास रच दिया है’’ और पार्टी को शासन करने का स्पष्ट जनादेश मिला है।

उलरिख सीगमुंड (35) ने सरकारी प्रसारक ‘एआरडी’ से कहा कि मतदाताओं ने संकेत दिया है कि ‘‘अब चीजें पहले की तरह नहीं चल सकतीं।’’

एएफडी राज्य विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल कर अकेले सरकार बनाना चाहती थी। उसका उद्देश्य मुख्यधारा के राजनीतिक दलों द्वारा उसके साथ काम करने से इनकार करने की तथाकथित ‘फायरवॉल’ (राजनीतिक दूरी बनाए रखने की नीति) को भी तोड़ना था।

अंतिम नतीजों के अनुसार, 83 सदस्यीय विधानसभा में एएफडी को 39 सीट मिलीं और वह बहुमत से तीन सीट पीछे रह गई।

सीगमुंड ने कहा कि पार्टी अल्पमत सरकार बनाने जैसे ‘‘खेल’’ में शामिल नहीं होगी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि आपस में बंटे उसके विरोधी दल एएफडी के बिना कोई स्थिर सरकार कैसे बना पाएंगे।

यदि एएफडी राज्य में पहली बार सरकार बनाती है तो यह प्रवासन विरोधी इस पार्टी के 13 साल के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। यह चुनाव ऐसे समय हुआ है जब राष्ट्रीय सरकार को लेकर व्यापक पैमाने पर असंतोष है और वह मतदाताओं को अब तक यह भरोसा नहीं दिला पाई है कि वह देश की सुस्त अर्थव्यवस्था में तेजी ला सकती है।

एएफडी सरकार बनाए या नहीं, यह नतीजा मर्ज के लिए बड़ा झटका है। उनकी मध्य-दक्षिणपंथी पार्टी पिछले 24 वर्षों से सैक्सोनी-एनहाल्ट में सत्ता में है।

एपी सिम्मी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में