सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता विदेशी महिलाएं पाकिस्तान से यूरोप रवाना हो गईं
सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता विदेशी महिलाएं पाकिस्तान से यूरोप रवाना हो गईं
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, पांच जुलाई (भाषा) पंजाब पुलिस ने रविवार को बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता दो विदेशी महिलाएं आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यूरोप रवाना हो गई हैं।
इन विदेशी महिलाओं का पिछले सप्ताह लाहौर में कथित तौर पर अपहरण किया गया और उनसे सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
यह मामला उस समय हाई-प्रोफाइल बन गया, जब गिरफ्तार आरोपियों में से एक के पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार का पोता होने का खुलासा हुआ।
लाहौर के उप महानिरीक्षक (अभियान) फैसल कामरान ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि महिलाओं की सहमति से उनकी चिकित्सकीय जांच करायी गयी और उनके संबंधित दूतावासों की सहायता से उनके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद वे यूरोप रवाना हो गईं।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं का कथित तौर पर कुछ लोगों ने अपहरण कर उनसे सामूहिक दुष्कर्म किया था।
इस मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस चर्चित मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
कामरान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद रजा डार मामले का मुख्य आरोपी है। रजा डार, इसहाक डार का पोता है।
जांच में सामने आया कि रजा डार की दोनों महिलाओं से पिछले वर्ष सिंगापुर में मुलाकात हुई थी और वे उसके साथ एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में साझेदार थीं। पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान यात्रा के लिए दोनों महिलाओं के ‘बिजनेस वीजा’ की व्यवस्था भी रजा डार ने ही कराई थी।
अन्य आरोपियों की पहचान हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली के रूप में हुई है। सभी को गिरफ्तार कर जुलाई तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
कामरान ने बताया कि कुछ अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 365ए (अपहरण) और 375ए (सामूहिक दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठान के करीबी माने जाने वाले सांसद फैसल वावडा ने शनिवार को इसहाक डार के पोते की गिरफ्तारी के बाद उपप्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग की।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष

Facebook


