ब्रिटेन में अमेरिका से जुड़े एयरबेस के पास आतंकवादी गतिविधियों के संदेह में पांच लोग गिरफ्तार

ब्रिटेन में अमेरिका से जुड़े एयरबेस के पास आतंकवादी गतिविधियों के संदेह में पांच लोग गिरफ्तार

ब्रिटेन में अमेरिका से जुड़े एयरबेस के पास आतंकवादी गतिविधियों के संदेह में पांच लोग गिरफ्तार
Modified Date: September 27, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: September 27, 2026 8:33 pm IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 27 सितंबर (भाषा) ब्रिटेन के एक गांव में रॉयल एयरफोर्स (ब्रिटिश वायुसेना) के वायुसैनिक ठिकाने के पास आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने के संदेह में रविवार को पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। देश की आतंकवाद-रोधी पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उसने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि स्थानीय पुलिस इकाई को देर रात 12:45 बजे फोन पर तीन संदिग्ध गाड़ियों के दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड में आरएएफ फेयरफोर्ड की ओर जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद हथियारबंद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, पांच संदिग्धों को विस्फोटक अधिनियम और आतंकवाद अधिनियम के तहत अपराध को अंजाम देने की साजिश रचने के संदेह में ग्लूसेस्टरशायर के वेल्फोर्ड इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने एक बयान में कहा, “आतंकवाद-रोधी पुलिस अब पुष्टि कर सकती है कि वह ग्लूसेस्टरशायर में आरएएफ फेयरफोर्ड के पास रात में हुई एक घटना की जांच कर रही है।”

आतंकवाद-रोधी पुलिस में वरिष्ठ राष्ट्रीय समन्वयक विकी इवांस ने बताया कि मामले की जांच शुरुआती दौर में है और पांच लोगों से हिरासत में पूछताछ की जा रही है।

इवांस ने कहा, “जैसा कि आप उम्मीद करेंगे, हम घटना से जुड़े हालात को समझने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने के साथ-साथ समुदाय को सुरक्षित रखने के लिए ग्लूसेस्टरशायर पुलिस के साथ समन्वय कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “संदिग्ध गाड़ियों के चारों ओर 400 मीटर का घेरा बनाया गया है और सेना की विस्फोटक निस्तारण इकाई उनकी जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर, जांच के दौरान लगभग 85 घरों को खाली कराया गया है।”

इससे पहले, ग्लूसेस्टरशायर पुलिस ने एक “बड़ी घटना” को विफल करने की घोषणा करते हुए कहा था कि ब्रिटिश सेना ने अपना बम निरोधक दस्ता मौके पर भेजा है। पुलिस बल के असिस्टेंट चीफ कॉन्स्टेबल रिचर्ड ओकोन ने लोगों से अपील की कि वे अटकलें न लगाएं और अद्यतन जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों पर नजर रखें।

ब्रिटिश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को वायुसैनिक ठिकाने से जुड़ी घटना के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वायुसैनिक ठिकाने पर बड़ी संख्या में अमेरिकी वायुसेना के कर्मी और संसाधन मौजूद हैं।

अमेरिकी बलों ने आरएएफ फेयरफोर्ड का इस्तेमाल ईरान के साथ युद्ध के दौरान हमलों के लिए किया है। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था। इसके बाद ब्रिटेन सरकार ने अमेरिकी सेना को ईरान के मिसाइल ठिकानों पर हमले के लिए फेयरफोर्ड एयरबेस के इस्तेमाल की अनुमति दी थी।

भाषा पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में