नेपाल की हिमलुंग हिमाल चोटी पर आए हिमस्खलन के बाद 12 लोग लापता

नेपाल की हिमलुंग हिमाल चोटी पर आए हिमस्खलन के बाद 12 लोग लापता

नेपाल की हिमलुंग हिमाल चोटी पर आए हिमस्खलन के बाद 12 लोग लापता
Modified Date: September 27, 2026 / 07:36 pm IST
Published Date: September 27, 2026 7:36 pm IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 27 सितंबर (भाषा) नेपाल के मनांग जिले में हिमलुंग हिमाल चोटी पर रविवार को हिमस्खलन की चपेट में आने से पर्वतारोहियों समेत 12 लोग लापता हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नार फू क्षेत्र में 7,126 मीटर ऊंची हिमलुंग हिमाल चोटी के आधार शिविर पर आए हिमस्खलन की चपेट में एक तंबू दब गया। इसमें नौ पर्वतारोही और 13 सहायक कर्मचारी रुके हुए थे।

सशस्त्र पुलिस बल के पुलिस उपाधीक्षक शैलेंद्र थापा ने बताया कि घटना के बाद से करीब 12 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि घटना में कुछ लोगों के हताहत होने की भी आशंका है। लापता लोग नेपाली नागरिक हैं।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

हिमालयन हॉलीडेज नेपाल (एचएचएन) के एक अधिकारी ने बताया कि लापता लोग एचएचएन और इमेजिन नेपाल ट्रेक्स से जुड़े हैं। हिमस्खलन के बाद दोनों कंपनियों का अपने लोगों से संपर्क टूट गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अभियान दल के एक सदस्य ने फोन कर बताया कि हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद उनके कुछ साथी लापता हो गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि घटना के बाद दल के सदस्य अलग-अलग हो गए और अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, पर्यटन विभाग के महानिदेशक राम कृष्ण लामिछाने ने कहा कि अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।

यह घटना नेपाल के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के बीच हुई है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में