पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेजा गया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेजा गया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेजा गया
Modified Date: August 21, 2026 / 04:22 pm IST
Published Date: August 21, 2026 4:22 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 21 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को शुक्रवार सुबह सरकारी ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (पीआईएमएस) में चिकित्सा जांच के बाद रावलपिंडी की अडियाला जेल वापस भेज दिया गया। चिकित्सा जांच के दौरान अल-शिफा अस्पताल के डॉक्टर भी मौजूद रहे। सरकार ने यह जानकारी दी।

इससे पहले दिन में, खान के अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रवक्ता जुल्फी बुखारी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान को अडियाला जेल से इस्लामाबाद के ‘शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल’ में स्थानांतरित किया गया है।

यह कार्रवाई अदालत के 18 अगस्त के आदेश के अनुपालन में की गई, जिसमें खान को दो दिन के भीतर अस्पताल पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। अदालत के समक्ष पेश की गई एक चिकित्सीय रिपोर्ट में कहा गया था कि वह ‘‘लेवल थ्री प्लस एंग्जायटी’’ (बेचैनी, घबराहट और चिंता) की समस्या से जूझ रहे हैं।

‘‘लेवल थ्री प्लस एंग्जायटी’’ का मतलब है बहुत अधिक या गंभीर चिंता, बेचैनी और घबराहट होना जिसकी वजह से रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं, शरीर पर बहुत अधिक तनाव पड़ता है और स्पष्ट रूप से सोचने की क्षमता पर असर पड़ता है।

सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने खान को शिफा अस्पताल न ले जा पाने के लिए पीटीआई कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया।

मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अल-शिफा अस्पताल के रास्ते में और उसके बाहर पीटीआई कार्यकर्ताओं की वजह से बनी सुरक्षा स्थिति को देखते हुए खान को पीआईएमएस ले जाया गया और मेडिकल जांच में वह स्वस्थ पाए गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच पीआईएमएस अस्पताल में की गई, जहां अल-शिफा अस्पताल के डॉक्टर भी मौजूद थे।

खान रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें पांच अगस्त, 2023 को भ्रष्टाचार समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह हिरासत में हैं।

भाषा

शफीक दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में