कैरेबियाई सागर में एक नौका पर अमेरिकी सेना के हमले में चार लोगों की मौत

कैरेबियाई सागर में एक नौका पर अमेरिकी सेना के हमले में चार लोगों की मौत

कैरेबियाई सागर में एक नौका पर अमेरिकी सेना के हमले में चार लोगों की मौत
Modified Date: March 26, 2026 / 11:16 am IST
Published Date: March 26, 2026 11:16 am IST

वाशिंगटन, 26 मार्च (एपी) कैरेबियाई सागर में मादक पदार्थ की तस्करी कर रही नौका पर बुधवार को अमेरिकी सेना ने हमले किए जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। अमेरिका की सेना ने यह जानकारी दी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने लातिन अमेरिका में कथित मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ महीने भर से जारी अभियान को और तेज कर दिया है।

ट्रंप प्रशासन मादक पदार्थ तस्करों को ‘‘नार्कोटेररिस्ट’’ कहता है और पिछले साल सितंबर में उसने इस तरह की गतिविधि में लिप्त लोगों को निशाना बनाना शुरू किया था, जिसके तहत अमेरिकी सेना तस्करी में इस्तेमाल नौकाओं को निशाना बनाती है। इस तरह के हमलों में मारे गए लोगों की संख्या 163 हो गई है।

अमेरिकी दक्षिणी कमान ने कहा कि उसने ज्ञात तस्करी मार्गों पर कथित मादक पदार्थों के तस्करों को निशाना बनाया। सेना ने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया कि पोत में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा था या नहीं।

सेना द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में एक नौका समुद्र में जाती दिख रही है और तभी उसमें तेज धमाका होता है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका लातिन अमेरिका में मादक पदार्थों के गिरोहों के साथ ‘‘सशस्त्र संघर्ष’’ कर रहा है और उन्होंने इन हमलों को अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एक आवश्यक कदम बताया है।

एपी सुरभि शोभना

शोभना


लेखक के बारे में