हंटा वायरस: संक्रमित फ्रांसीसी महिला की हालत गंभीर
हंटा वायरस: संक्रमित फ्रांसीसी महिला की हालत गंभीर
पेरिस, 13 मई (एपी) ‘एमवी होंडियस’ नामक जहाज पर घातक हंटा वायरस की चपेट में आई फ्रांसीसी महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। पेरिस के एक अस्पताल में उसका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 11 तक पहुंच गई है, जिनमें से नौ मामलों में हंटा वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जहाज पर सवार तीन लोगों की इस वायरस से मौत हो चुकी है, जिनमें नीदरलैंड का एक जोड़ा भी शामिल है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अमेरिका की यात्रा के दौरान यह जोड़ा सबसे पहले इस वायरस के संपर्क में आया था।
बिचैट अस्पताल के संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. जेवियर लेस्क्योर ने कहा कि पेरिस में भर्ती फ्रांसीसी महिला गंभीर रूप से बीमार है और उनके फेफड़ों और हृदय में गंभीर समस्या है। लेस्क्योर ने इसे ‘गहन उपचार का अंतिम चरण’ बताया है।
सभी 87 यात्रियों और चालक दल के 35 सदस्यों को सुरक्षित निकाले जाने के बाद जहाज अब नीदरलैंड की ओर बढ़ रहा है, जहां इसे पूरी तरह साफ और संक्रमण मुक्त किया जाएगा।
नीदरलैंड पहुंचे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को पृथक-वास में रखा गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने कहा कि अब तक संक्रमण के पुष्ट और संदिग्ध मामले केवल जहाज के यात्रियों या चालक दल के सदस्यों में ही पाए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह किसी बड़े प्रकोप की शुरुआत है।’ हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि स्थिति बदल सकती है और संक्रमण के लक्षण उभरने में लगने वाले लंबे समय को देखते हुए आने वाले हफ्तों में और मामले सामने आ सकते हैं।
स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि जहाज से निकाले गए स्पेन के एक यात्री में भी हंटा वायरस की पुष्टि हुई है। उसे मैड्रिड के एक सैन्य अस्पताल में पृथक-वास में रखा गया है।
एपी सुमित शोभना
शोभना

Facebook


