ईरान युद्ध को लेकर हेगसेथ को सांसदों के सवालों का सामना करना पड़ेगा
ईरान युद्ध को लेकर हेगसेथ को सांसदों के सवालों का सामना करना पड़ेगा
वाशिंगटन, 12 मई (एपी) अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को मंगलवार को ईरान युद्ध और अन्य मुद्दों को लेकर सांसदों के सवालों का सामना करना पड़ेगा।
इन सांसदों में कुछ रिपब्लिकन सांसद भी शामिल हैं जिन्होंने संघर्ष लंबा खींचने और अमेरिकी संसद की मंजूरी न होने पर चिंता जताई है।
रक्षा खर्च की निगरानी करने वाली संसद की उपसमितियां ट्रंप प्रशासन के 2027 के सैन्य बजट प्रस्ताव की समीक्षा के लिए लगातार सुनवाई कर रही हैं, जिसमें डेढ़ लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर के ऐतिहासिक आवंटन का आह्वान किया गया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के आर्थिक झटकों का दबाव बढ़ता जा रहा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य एक महत्वपूर्ण समुद्री परिवहन गलियारा है जहां से दुनिया के 20 प्रतिशत तेल का परिवहन होता है। इसके जवाब में, अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी कर दी है।
ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम ‘‘बेहद कमजोर और नाजुक’’ स्थिति में है। ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध पर उसके शांति प्रस्ताव को एक दिन पहले ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ बताते हुए खारिज कर दिया था।
ट्रंप को रविवार को ईरान का प्रस्ताव मिला था, जिससे उम्मीद जगी थी कि इससे ईरान के साथ 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने में कोई सफलता मिल सकती है। इस युद्ध ने वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे कई देशों में ईंधन की कमी हो गई है।
अमेरिका और इजराइल के बीच 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद आठ अप्रैल से हमले रोक दिए गए हैं, जब युद्धरत पक्षों ने युद्धविराम पर सहमति जताई थी।
मंगलवार की सुनवाई में ज्यादातर नए सांसदों के एक समूह को युद्ध की योजना और क्रियान्वयन पर हेगसेथ से सवाल-जवाब करने का मौका मिलेगा।
एपी
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


