काठमांडू, 10 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने उनकी पार्टी की चुनावी सफलता पर बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हें “विकास केंद्रित कूटनीति” के माध्यम से भारत-नेपाल संबंधों के मजबूत होने की आशा है।
सोमवार शाम तक के रुझानों के अनुसार, नेपाल के संसदीय चुनावों में आरएसपी प्रत्यक्ष मतदान के तहत 125 सीट जीतकर और आनुपातिक मतदान प्रणाली के माध्यम से 48,29,910 वोट हासिल कर दो-तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रही है।
लामिछाने ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को उनकी शुभकामनाओं और “नेपाल की जनता के लोकतांत्रिक जनादेश को मान्यता देने” के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, “आरएसपी और हमारी सरकार आपसी सम्मान और साझा समृद्धि पर आधारित संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी, जिसमें आरएसपी ‘विकास केंद्रित कूटनीति’ को प्राथमिकता देगी।”
आरएसपी नेता ने कहा, “हम भारत के साथ ऐसी साझेदारी की आशा करते हैं जो संपर्क, सांस्कृतिक पर्यटन, ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्रों में सहयोग के जरिए नयी ऊंचाइयों तक पहुंचे और दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को लामिछाने और बालेंद्र शाह को उनकी चुनावी जीत पर बधाई देते हुए दोनों देशों की पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और कल्याण के लिए उनके साथ काम करने की भारत की प्रतिबद्धता जताई।
शाह नेपाल के पहले मधेसी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं और वह सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री भी होंगे।
मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मुझे विश्वास है कि हमारे संयुक्त प्रयासों से भारत और नेपाल के संबंध आने वाले वर्षों में नए आयाम छुएंगे।”
नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीट हैं। इनमें से 165 सदस्य ‘फर्स्ट पास्ट द पोस्ट’ (एफपीटीपी) या प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली से चुने जाते हैं, जबकि 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत निर्वाचित होते हैं।
सामान्य चुनाव में अब तक प्रत्यक्ष मतदान के तहत 165 में से 161 सीट के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष चार सीट के परिणाम जल्द घोषित होने की उम्मीद है।
आनुपातिक मतदान के तहत आरएसपी को 48,29,910 वोट मिले हैं। इसके बाद नेपाली कांग्रेस (एनसी) को 16,28,704, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीएन-यूएमएल) को 1,35,939, एनसीपी को 7,38,067, श्रम संस्कृति पार्टी को 3,41,518, जनता समाजवादी पार्टी को 1,16,463 और राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी को 31,746 वोट मिले हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आनुपातिक मतदान प्रणाली में 40 लाख से अधिक वोट मिलने के बाद आरएसपी को कम से कम 48 अतिरिक्त सीट मिलने की उम्मीद है। इससे 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में उसकी कुल सीट लगभग 164 हो सकती हैं, जो सामान्य बहुमत के लिए आवश्यक 138 सीट से काफी अधिक है।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि