न्यूयार्क में हादसे में मारे गए भारतीय के नाम पर होगा घोड़ा-गाड़ी पर प्रतिबंध वाले विधेयक का नाम
न्यूयार्क में हादसे में मारे गए भारतीय के नाम पर होगा घोड़ा-गाड़ी पर प्रतिबंध वाले विधेयक का नाम
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, 23 जून (भाषा) न्यूयॉर्क में घोड़ा-गाड़ी पर प्रतिबंध लगाने के लिए पेश किए गए एक विधेयक का नाम बदलकर, सेंट्रल पार्क में घोड़ा-गाड़ी से जुड़े एक दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय किशोर के नाम पर रखा जाएगा।
पिछले सप्ताह 18 वर्षीय भारतीय युवक रोमांच महाजन की सेंट्रल पार्क में घोड़ा-गाड़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने से मौत हो गई थी। दरअसल महाजन की मां अचानक घोड़े के बेकाबू होने से घोड़ा-गाड़ी से गिर गईं थीं, जिसके बाद महाजन ने अपने मां को बचाने के लिए गाडी से छलांग लगा दी थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और बुधवार को उसकी मौत हो गई थी। महाजन की मां को मामूली चोटें आई हैं।
इस हादसे के बाद सोमवार को सेंट्रल पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल के सदस्य क्रिस्टोफर मार्टे ने यह कार्यक्रम आयोजित किया था। इस दौरान मार्टे ने घोषणा की कि उन्होंने न्यूयॉर्क शहर में घोड़ा-गाड़ी पर प्रतिबंध लगाने के लिए ‘राइडर्स लॉ’ नामक विधेयक पेश किया है और अब उसका नाम बदलकर दिवंगत किशोर के सम्मान में ‘रोमांच’स लॉ’ किया जाएगा।
उन्होंने पहले इस विधेयक का नाम 26 वर्षीय घोड़े ‘राइडर’ के नाम पर रखा था। इस घोड़े को अगस्त 2022 में जबरन गाड़ी खींचने के लिए मजबूर किया जा रहा था और इस दौरान वह गिर पड़ा था।
राइडर की उस वर्ष अक्टूबर में मौत हो गई थी। इसके बाद ‘एनिमल लीगल डिफेन्स फंड’ सहित कई पशु अधिकार एवं संरक्षण समूहों ने न्यूयॉर्क शहर में घोड़ा-गाड़ी सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने और उन्हें पूरी तरह समाप्त करने के लिए कानून बनाए जाने की मांग शुरू कर दी।
मार्टे ने श्रद्धांजलि सभा में कहा, ‘‘पिछले सप्ताह जो हुआ, वह हमारे शहर पर एक कलंक है। हम तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं?’’
इसी दौरान उन्होंने घोषणा की कि ‘राइडर्स लॉ’ का नाम बदलकर ‘रोमांच’स लॉ’ रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मार्टे ने महाजन के परिवार का एक पत्र भी पढ़ा, जिसमें पिछले सप्ताह हुई इस दुखद घटना के बाद न्यूयॉर्क शहर में घोड़ा-गाड़ी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
महाजन परिवार के पत्र के कुछ अंश ‘एबीसी7एनवाई’ न्यूज ने प्रकाशित किए हैं।
उसमें कहा गया, ‘‘मेरे भतीजे की मौत के लिए जिम्मेदार यह उद्योग इस मंगलवार से फिर से पर्यटक यात्राएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जैसे रोमांच की जान जाना मामूली बात हो।’’
पत्र में कहा गया, ‘‘यह हमारे परिवार का गहरा अपमान है और न्यूयॉर्क शहर में हर पर्यटक तथा निवासी की सुरक्षा के लिए स्पष्ट खतरा है। हम आपसे मांग करते हैं कि आप अपने पद और शक्ति का उपयोग करते हुए इन सवारी सेवाओं की बहाली को तुरंत रोकें। जब हमारा परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है, उसी समय घोड़ा-गाड़ियों को फिर से सड़कों पर आने देना यह साबित करता है कि शहर मानव जीवन से अधिक पर्यटन को महत्व देता है।’’
पशु कल्याण की दिशा में काम करने वाली संस्था ‘एनिमल लीगल डिफेन्स फंड’ ने घोड़ों की स्थिति और उन परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की है, जिनमें इन जानवरों को भीड़भाड़ वाली सड़कों पर घोड़ा-गाड़ी खींचने के लिए मजबूर किया जाता है।
उसने कहा, ‘‘हर गर्मी में घोड़ों को गर्म फुटपाथों पर घोड़ा-गाड़ी खींचने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। उन्हें भारी धुएं और जहरीली गैसों के बीच सांस लेनी पड़ती है।’’
उसने कहा ‘‘सर्दियों में वे बिना किसी सुरक्षा के खुले में खड़े रहते हैं, ठंड सहते हुए और यात्रियों का इंतजार करते हुए। दिन हो या रात, बारिश हो, ओलावृष्टि हो या धूप इन घोड़ों से लगातार काम कराया जाता है, उनकी थकान के बारे में भी नहीं सोचा जाता।’
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने महाजन की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दूतावास ने कहा कि ‘‘हम महाजन के असमय निधन से बेहद दुखी हैं।’’
दूतावास ने कहा, ‘‘भारतीय नागरिक महाजन का न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में घोड़ा-गाड़ी से गिरने के बाद निधन हो गया। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाणिज्य दूतावास परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता तथा सहयोग प्रदान कर रहा है।’’
भाषा शोभना वैभव
वैभव

Facebook


