भारत नेपाल के भूकंप प्रभावित जिलों में 14 स्कूलों का निर्माण करेगा
भारत नेपाल के भूकंप प्रभावित जिलों में 14 स्कूलों का निर्माण करेगा
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 28 मई (भाषा) भारत ने नेपाल के भूकंप प्रभावित आठ जिलों में 14 स्कूलों के निर्माण के लिए 56.02 करोड़ नेपाली रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे हिमालयी राष्ट्र में आपदा के बाद पुनर्निर्माण और सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति उसके समर्थन की पुष्टि होती है।
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नेपाल के शिक्षा एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय स्तरीय परियोजना कार्यान्वयन इकाई ने भारत सरकार द्वारा 56.02 करोड़ नेपाली रुपये के अनुदान से नेपाल के आठ जिलों में 14 विद्यालयों के निर्माण के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार ये स्कूल गोरखा, नुवाकोट, धाडिंग, दोलखा, काठमांडू, कावरेपालंचोक, रामेछाप और सिंधुपालचोक जिलों में बनाए जाएंगे। ये वे क्षेत्र हैं जो पिछले कई वर्षों में देश में आए भूकंपों से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
देश में 2015 में सबसे भीषण भूकंप आया था, जिसमें लगभग 9,000 लोग मारे गए थे।
बयान में कहा गया है कि स्कूलों का निर्माण नेपाल सरकार के भूकंपरोधी पुनर्निर्माण मानदंडों के अनुसार किया जायेगा।
इसमें कहा गया है कि इस बुनियादी ढांचे में शैक्षणिक भवन, फर्नीचर से सुसज्जित कक्षाएं और लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधाएं शामिल होंगी।
भारत ने पहली बार इस तरह की पहल नहीं की है। भारत के अनुदान के तहत जनवरी 2024 में आठ जिलों के 70 स्कूल और काठमांडू में त्रिभुवन विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय बनकर तैयार हो गए और इन्हें नेपाल सरकार को सौंप दिया गया।
भारत सरकार ने कहा है कि वह नेपाल के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए नेपाल और उसकी एजेंसियों के साथ सहयोग जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


