टेक्सास गोलीबारी में मारे गए चार लोगों में भारतीय-अमेरिकी छात्रा भी शामिल
टेक्सास गोलीबारी में मारे गए चार लोगों में भारतीय-अमेरिकी छात्रा भी शामिल
(सीमा हाकू काचरू)
ह्यूस्टन (अमेरिका), तीन मार्च (भाषा) अमेरिका के ऑस्टिन शहर में एक बार के बाहर हुई गोलीबारी में मारे गए चार लोगों में 21 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्रा भी शामिल है। इस घटना की जांच संभावित आतंकवादी कृत्य के रूप में की जा रही है।
ऑस्टिन की निवासी और टेक्सास विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रही छात्रा सविता शान रविवार को वेस्ट सिक्स्थ स्ट्रीट के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में एक हमलावर की अंधाधुंध गोलीबारी में मारी गई।
वह स्नातक की डिग्री प्राप्त करने से कुछ ही महीने दूर थी और विश्वविद्यालय अधिकारियों ने उसे प्रबंधन सूचना प्रणाली और अर्थशास्त्र की उत्कृष्ट छात्रा बताया था।
ऑस्टिन की पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने सोमवार दोपहर प्रेस वार्ता में घटनास्थल पर मारे गए दो लोगों की पहचान राइडर हैरिंगटन (19) और शान के रूप में की।
रविवार की इस सामूहिक गोलीबारी के बाद टेक्सास में भारतीय-अमेरिकी समुदाय शोक में डूब गया।
इस हत्या ने ऑस्टिन के बड़े भारतीय प्रवासी समुदाय, विशेषकर छात्रों और ‘सिलिकॉन हिल्स’ क्षेत्र में कार्यरत तकनीकी पेशेवरों को झकझोर दिया है।
सप्ताहांत में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर हमलों तथा ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।
ऑस्टिन में टेक्सास विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि शान का कानूनी उपनाम षणमुगसुंदरम था।
विश्वविद्यालय अध्यक्ष जिम डेविस ने उसे ‘‘स्नेही माता-पिता की संतान, कई लोगों की वफादार मित्र और दुनिया बदलने की तैयारी कर रही ‘लॉन्गहॉर्न’’’ बताया।
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के संयुक्त आतंकवाद कार्य बल के नेतृत्व में संघीय प्राधिकारी हमले के संभावित अंतरराष्ट्रीय या वैचारिक संबंधों की जांच कर रहे हैं।
हमले का संदिग्ध 53 वर्षीय डियागा डियान्ये सेनेगल मूल का अमेरिकी नागरिक था जो पुलिस कार्रवाई में घटनास्थल पर मारा गया।
देर रात एक बजकर 59 मिनट पर बुफोर्ड्स बैकयार्ड बीयर गार्डन के बाहर हुई इस गोलीबारी में संदिग्ध ने पहले एसयूवी से गोलीबारी की और फिर राइफल लेकर बाहर निकला। पुलिस ने पहले आपातकालीन कॉल के लगभग एक मिनट के भीतर उसे ढेर कर दिया।
घटना में संदिग्ध समेत चार लोगों की मौत हुई और 14 अन्य घायल हुए, जिनमें कई छात्र हैं। कम से कम तीन की हालत गंभीर बतायी गयी है।
घायल छात्रों में 21 वर्षीय करण भक्ता भी शामिल हैं, जिन्हें सिर पर गोली छूकर निकल गई।
ऑस्टिन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेताओं ने कहा कि वे शान के परिवार और अन्य प्रभावित निवासियों की सहायता के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। हत्या के मकसद की जांच जारी रहने के साथ ही एक सामुदायिक शोक सभा आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


