भारतीय नागरिक पर अमेरिका में 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में अवैध तरीके से मतदान करने का आरोप

Ads

भारतीय नागरिक पर अमेरिका में 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में अवैध तरीके से मतदान करने का आरोप

  •  
  • Publish Date - September 4, 2020 / 09:14 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:09 PM IST

(योशिता सिंह)

न्यूयॉर्क, चार सितंबर (भाषा) अमेरिका की एक संघीय अदालत में एक भारतीय नागरिक समेत 12 विदेशी लोगों पर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में अवैध तरीके से मतदान करने का आरोप लगाया गया है।

उत्तरी कैरोलाइना के मिडल जिले की जिला अदालत में 58 वर्षीय बैजू पी. थामस और 11 अन्य विदेशी नागरिकों पर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में अवैध रूप से मतदान करने का आरोप पिछले महीने लगाया गया।

अमेरिकी आव्रजन एवं सीमाशुल्क प्रवर्तन (आईसीई) गृह सुरक्षा जांच (एचएसआई) के अनुसार अगर ये दोषी पाए जाते हैं तो इन्हें अधिकतम एक साल की जेल की सजा हो सकती है और 1,00,000 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लग सकता है।

अमेरिकी कानून के मुताबिक देश में गैर नागरिक मतदान के लिए पंजीकरण कराने या संघीय चुनाव में मतदान करने के पात्र नहीं हैं।

भारतीय मूल के 57 वर्षीय रूब कौर अतर सिंह भी उन सात विदेशी नागरिकों में शामिल हैं जो उत्तरी कैरोलाइना में 2016 के संघीय चुनाव में मतदान करने के आरोप का सामना कर रहे हैं। सिंह मलेशिया से हैं।

सिंह उन आरोपियों में शामिल हैं जिस पर संघीय ग्रांड ज्यूरी ने आरोप लगाया है। उन पर अमेरिकी नागरिकता का गलत दावा या मतदान पंजीकरण आवेदन में गलत जानकारियां देने और 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में अवैध तरीके से मतदान करने का आरोप है। अगर वह दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें संघीय जेल में अधिकतम छह साल की जेल की सजा हो सकती है और 350,000 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लग सकता है।

भाषा स्नेहा शाहिद

शाहिद