भारतीय मूल की चिकित्सक परवीन कुमार को ‘किंग्स बर्थडे ऑनर्स’ सम्मान
भारतीय मूल की चिकित्सक परवीन कुमार को ‘किंग्स बर्थडे ऑनर्स’ सम्मान
(अदिति खन्ना)
लंदन, 13 जून (भाषा) स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने वाली और प्रसिद्ध उदर रोग विशेषज्ञ डेम परवीन कुमार को वैश्विक चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान के लिए ब्रिटेन के सबसे प्रतिष्ठित राजसी सम्मानों में से एक ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ से सम्मानित किया गया है।
उन्हें किंग चार्ल्स तृतीय की वार्षिक ‘बर्थडे ऑनर्स’ सूची में स्थान दिया गया है। शुक्रवार रात ब्रिटेन के कैबिनेट कार्यालय द्वारा जारी सम्मान सूची में भारतीय मूल के करीब 35 चिकित्सकों, उद्यमियों और सामुदायिक कार्यकर्ताओं को भी स्थान दिया गया।
इस सूची में परवीन कुमार का नाम प्रमुख रूप से शामिल है।
‘मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ के तहत ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ सर्वोच्च सम्मान है।
ब्रिटिश शासक के आधिकारिक जन्मदिन के मौके पर जारी 2026 की सम्मान सूची में ब्रिटेन के 1,182 लोगों को स्थान दिया गया है।
इन लोगों को ‘‘दूसरों के भले के लिए सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में असाधारण काम करने’’ के लिए यह सम्मान दिया गया।
बार्ट्स स्थित ‘क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन’ और ‘लंदन स्कूल ऑफ मेडिसिन एंड डेंटिस्ट्री’ में मेडिसिन एवं एजुकेशन की प्रोफेसर कुमार को बरसों से उनके कई तरह के योगदान के लिए पहचाना और सराहा गया है।
डॉ. कुमार के सम्मान पत्र में कहा गया, “उन्होंने ‘कुमार एंड क्लार्क्स क्लिनिकल मेडिसिन’ नाम की पुस्तक का सह लेखन किया, जिसका इस्तेमाल दुनिया भर में होता है।”
पत्र के मुताबिक, ‘रॉयल मेडिकल बेनेवोलेंट फंड’ की अध्यक्ष के तौर पर डॉ. कुमार ने 1,00,000 पाउंड जुटाए और मुश्किल में फंसे चिकित्सकों के लिए एक गोपनीय हेल्पलाइन शुरू करने में मदद की।
सम्मान पत्र में कहा गया कि ‘रॉयल सोसाइटी ऑफ मेडिसिन’ की अध्यक्ष रहते हुए परवीन कुमार ने ‘ग्लोबल हेल्थ’ पहल की शुरुआत की। वहीं, ‘रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस’ में उन्होंने वरिष्ठ परीक्षक के रूप में काम किया और कई शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किए।
सम्मान पत्र के मुताबिक, 80 वर्ष से अधिक आयु की कुमार वर्तमान में ‘ब्रिटिश मेडिकल जर्नल’ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) के भविष्य पर बने आयोग की सह-अध्यक्ष भी हैं।
इसके अलावा, वह ‘यूके हेल्थ एलायंस फॉर क्लाइमेट चेंज’ की राजदूत के रूप में भी कार्य कर रही हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने एक बयान में कहा, “पूरे ब्रिटेन में कई लोग चुपचाप लोगों का जीवन बेहतर बनाने और अपने समुदायों को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। यह सम्मान सूची ऐसे लोगों के योगदान को पहचान देने का अवसर है।”
स्टॉर्मर ने कहा, “इन लोगों की लगन व समर्पण दिखाता है कि स्थायी बदलाव करुणा, दृढ़ता और दूसरों की मदद करने की भावना से आता है। उनका काम उस अच्छे और आशावादी देश की तस्वीर पेश करता है, जिस पर हमें गर्व है। पूरे देश की ओर से मैं उन्हें धन्यवाद कहना चाहता हूं।”
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


